मोजीम खान
सिंहपुर,अमेठी- ईद उल फितर का त्यौहार सादगी से पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी मुसलमानों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क की खुशहाली और अमन शांति के लिए दुआएं मांगी। बच्चे, बूढे़, युवा हर वर्ग के लोगों के चेहरे पर ईद की खुशी दूर से ही झलक रही है। सेवइयों की मिठास ने लोगों के दिलों में बेहद मोहब्बत भर दी। लोगों का दोस्तों-रिश्तेदारों के घर आवागमन देर रात तक जारी रहा। 30 दिनों तक रोज़े व इबादत में पूरी तरह मशगूल मुसलमानों ने शनिवार को ईद उल फितर का त्यौहार पूरे जोशो खरोश से मनाया। सुबह फज्र की नमाज के बाद ही बच्चे, बूढ़े, जवान सभी ने नए कपड़े पहन कर मीठी-मीठी सेवाइयों का सेवन कर मस्जिदों व ईदगाहों की तरफ रूख किया। मुसलमानों ने ईद की नमाज अदा कर अल्लाह से मुल्क में अमन-शांति व खुशहाली की दुआएं मांगी। बच्चे टोलियां बनाकर बाजार में घूमने निकल पड़े। बड़ों से मिली ईदी से बच्चों ने जमकर खिलौने खरीदे, गोलगप्पे, पापड़, समोसे आदि का भी जमकर लुत्फ उठाया।विकास खण्ड सिंहपुर क्षेत्र के के शेखनगाँव ईदगाह के पैश इमाम हाफिज अजहर साहब ने ईद की नमाज पढ़ायी और रमजान माह व ईद की फजीलत के संबंध में तकरीर पैश की। इसी तरह नमाज से कस्बा जायस ईदगाह के पैश इमाम सैयद सलमान अशरफ जायसी ने ईद की नमाज पढ़ाई तथा रमजान के पवित्र माह पर तकरीर की।और नमाज अदा होने के बाद अपना लाइट हाउस एवं सपा यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शमशाद खान जायसीव सभासद इसरार अहमद की जानिब से सभी दूर दराज से आये नमाजियो को शरबत पानी पिलाया। इसी तरह रजन पुर के ईदगाह में ईद की नमाज अदा की गई। क्षेत्र के इन्हौना, राजापुर, भीखीपुर, बहुआ, आजादपुर, सातनपुरवा, सहित अन्य जगह के ईदगाहो में शांतिपूर्वक अमनो अमान के साथ नमाज अदा की गई।
शुक्रवार की रात से ईद की बधाइयां देने का सिलसिला आज भी जारी है। लोगों के फोन लगातार घनघना रहे हैं। वहीं तमाम लोगों ने गले मिलकर ईद की बधाई देने को ही बेहतर समझा।
मुसलमान समुदाय के लोगों ने सपरिवार रिश्तेदारियों में पहुंच कर ईद की बधाइयां दी और दे रहे हैं। हर किसी के घर में सेवाइयों के अलावा कई तरह के पकवान बनाए गए थे। सेवाइयों के अलावा दही-फुल्की, छोले, बिरयानी, उड़द चावल आदि बना कर भी लोगों ने अपने प्रियजनों को दावत दी। युवाओं में तेजी से प्रचलित फेसबुक व व्हाट्स एप पर ईद की बधाइयों का सिलसिला शुक्रवार से ही शुरू हो गया था। शनिवार को भी ईद की बधाई के ढेरों मैसेज, फोटो भेजे गए। लोगों को दूर-दराज के दोस्तों-रिश्तेदारों को ईद की बधाई देने का यही सबसे बेस्ट तरीका नजर आया। अन्य वर्षों के मुकाबले इस वर्ष व्हाट्स एप पर बधाई संदेशों का आदान-प्रदान काफी अधिक हुआ। बड़ों के साथ ही बच्चों ने भी एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी। और बच्चे अपने अब्बू और भाई बहनों के साथ बाहर घूमने भी गए। वहीं थोड़े बड़े बच्चे टोलियां बनाकर बाजार व ईदगाह पर लगे मेले में घूमते नजर आ रहें हैं।ईद के त्यौहार को शांति पूर्वक निपटाने के लिये प्रशासन ने पहले से ही अपनी कमर कस ली थी। दो दिन पूर्व ही प्रशासन ने रूट मार्च निकाल कर लोगों से शांति पूर्वक त्यौहार मनाये जाने की अपील की थी। ईद के त्यौहार को शांतिपूर्ण निपटाने के लिये इन्हौना चौकी प्रभारी मिथिलेश कुमार सिंह ने शुक्रवार से ही सभी जगहों की ईदगाहो पर अपनी नजरें जमाये रखे थे। और दिन व रात पुलिस गश्त करती रही। सकुशल ईद सम्पन्न होने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की साँस ली।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ