मोजीम खान
सिंहपुर , अमेठी-ग्रामीण अंचल को 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा हवा हवाई घोषित हो रही है बिजली कटौती से मोहनगंज क्षेत्र के उपभोक्ता त्रस्त हो चुके हैं। बिजली कब आती है और कब चली जाती है पता ही नहीं चलता। क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा क्षेत्रीय विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह से विद्युत समस्या के संदर्भ में दर्जनों बार शिकायत की जा चुकी हैं किंतु नतीजा शून्य रहा। हो रही अघोषित विद्युत कटौती में किसी भी प्रकार का सुधार नहीं हो सका। विदित हो कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ता की कमान संभालते ही ग्रामीण अंचल को 18 घंटे विद्युत आपूर्ति देने का दावा किया था। जो बिल्कुल छलावा साबित हो रहा है। दिन रात हो रही अघोषित विद्युत कटौती से उपभोक्ता बुरी तरह से त्रस्त हो चुके हैं। आलम यह है कि क्षेत्र को 10 घंटे भी विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। वहीं उत्तर प्रदेश विद्युत कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं की कमर टूटती जा रही है। पहले 2 महीने में बिल करीब 250 रुपये आता था। और अब है कि बगैर किसी लोड के एक महीने में बिल करीब 250 से लेकर 500 रुपये तक आता है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को समय से बिजली नहीं मिल पा रही है। जब खाना खाने और आराम करने का समय आता है तो बिजली गुल हो जाती है।
कांग्रेस पार्टी के सिंहपुर ब्लॉक अध्यक्ष अजहरुल हक ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश दोनों में बीजेपी सरकार है इसके बावजूद विद्युत दरों में अंधाधुंध बढ़ोतरी होने के बावजूद योगी सरकार द्वारा विद्युत आपूर्ति पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हर कदम पर भाजपा सरकार विफल नजर आ रही है। भाजपा की कथनी और करनी में जमीन आसमां का फर्क है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ