जिला कारागार में लीगल एड क्लीनिक का हुआ शुभारंभ
अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।जिला कारागार के अंदर लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ आज जनपद न्यायाधीश सर्वेश कुमार द्वारा किया गया । लीगल एड क्लीनिक जेल के अंदर स्थापित होने से अब उन कैदियों को विधिक सहायता आसानी से मिल जाएगी जो विभिन्न प्रकार से आर्थिक सामाजिक अथवा पारिवारिक रूप से न्याय पाने में अक्षम रह जाते हैं । सर्वोच्च न्यायालय के मंशानुरूप उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में लीगल एड क्लीनिक स्थापित किए जाने हैं । इसी क्रम में आज बलरामपुर जिला कारागार में लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ जिला जज द्वारा किया गया । जानकारी के मुताबिक अब तक लगभग 50 से अधिक जेलों में लीगल एड क्लीनिक की शुरुआत हो चुकी है । क्लीनिक के उद्घाटन अवसर पर बोलते हुए मुख्य अतिथि जिला जज सर्वेश कुमार ने कहा की लीगल एड क्लीनिक का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों के लिए विशेष महत्वपूर्ण है जो पारिवारिक समस्याओं, आर्थिक समस्याओं अथवा सामाजिक समस्याओं के कारण न्याय नहीं पाते हैं । इस क्लीनिक के जेल परिसर में खुल जाने से जेल में निरुद्ध बंदी यहां पर आकर अपने प्रार्थना पत्र ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन रजिस्टर्ड करवा सकता है जिसे संबंधित अधिकारी संबंधित पटल तक भेज कर उचित कार्यवाही सुनिश्चित कराएगा । विधिक सेवा प्राधिकरण जेल में निरुद्ध बंदियों की सहायता के लिए काफी अरसे से कार्य कर रहा है और इसी प्राधिकरण की देखरेख में लीगल एड क्लीनिक संचालित होना है । इस सेंटर पर कंप्यूटर सिस्टम सहित ऑनलाइन के सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई है । कैदियों की किसी भी प्रकार की शिकायत समस्या अथवा मांग को यहीं से ऑनलाइन कर दिया जाएगा जिसका निस्तारण संबंधित स्तर पर समयानुसार करा दिया जाएगा । उद्घाटन के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्रीपाल सिंह मुख्य मजिस्ट्रेट , जूनियर एवं सीनियर डिवीजन जज के अलावा बार संघ के अध्यक्ष सत्यदेव तिवारी व वरिष्ठ जेल अधीक्षक शिवकुमार शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए । कार्यक्रम के दौरान जेलर विजय कुमार राय, डिप्टी जेलर श्रीधर यादव, चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर एके पांडे व पतंजलि योग समिति के संयोजक अजय कुमार मिश्र सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिवक्ता जेल अधिकारी व कर्मी तथा जेल में निरुद्ध बंदी मौजूद थे ।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ