अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर के कुल 108 ग्राम पंचायतों में से अधिकांश ग्राम प्रधानों ने अखिल भारतीय प्रधान संगठन के नेतृत्व में आज जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया । अखिल भारतीय प्रधान संगठन के आवाहन पर ग्राम प्रधान सदर विकासखंड पर एकत्रित हुए और वहीं पर सभा करने के बाद रैली निकालते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे जहां पर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन व नारेबाजी की गई । संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिला अधिकारी अरुण कुमार शुक्ल को सौंपा । ज्ञापन में 73 वें संविधान संशोधन के अनुरूप ग्राम पंचायतों को सेल्फ गवर्नमेंट यानी अपनी सरकार स्थापित करने के लिए 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के कोष कार्य व कर्मी सौंपने की मांग की गई है ।
अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिला संयोजक सौरभ त्रिपाठी ने बताया की उनकी मांग काफी दिनों से लंबित है । कई बार आश्वासन के बावजूद भी सरकार उनके हक को देने में आनाकानी कर रही है ।अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने आर पार की लड़ाई छेड़ रखी है । इसी क्रम में आज जिले के ग्राम प्रधान सदर विकास खंड पर एकत्रित हुए और सभा करके आर पार की लड़ाई का ऐलान किया । जिला अध्यक्ष अब्दुल मोईद खां के नेतृत्व में सभी ब्लॉक अध्यक्ष महामंत्री व अन्य पदाधिकारियों तथा ग्राम प्रधानों के साथ विकास खंड से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए सरकार को मांगों को मानने के लिए आगाह किया ।ग्राम प्रधान कलेक्ट्रेट में पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किए और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिला अधिकारी अरुण कुमार शुक्ला को सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई है की 73वें संविधान संशोधन को पूर्ण रूप से लागू किया जाए । जिसके 11 वीं अनुसूची मैं वर्णित 29 विषयों के कोष कार्य व कर्मी ग्राम पंचायत को सौंपने की व्यवस्था की गई है ।
73वें संविधान संशोधन में ग्राम पंचायतों को सेल्फ गवर्नमेंट यानी कि अपनी सरकार स्थापित करने का अधिकार दिया गया है जिसे आज तक सरकारे ग्राम पंचायतों को देना नहीं चाह रही हैं । अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने 73वें संविधान संशोधन को पूर्ण रूप से लागू करने के लिए पूरी तरह से लड़ाई छेड़ दी है और उसे हासिल करना अब उस का मुख्य उद्देश्य है । उन्होंने बताया कि संगठन की यह भी मांग है की ग्राम पंचायतों की अपनी सरकार बनाने में जो भी आवश्यक संसाधन व सुविधाएं हैं उन्हें सरकार तत्काल उपलब्ध करावे ।
पंचायती राज की स्थापना भले ही कर दी गई थी परंतु पूरा अधिकार अभी तक नहीं दिया गया । ग्राम सभाओं को चुनी हुई सरकार की तरह संविधान के अनुरूप अधिकार व कार्य करने की स्वतंत्रता दी जानी चाहिए ।
ऐसा करने से ही ग्राम पंचायतों का सही मायने में विकास होगा । प्रदर्शन के दौरान संरक्षक सेतुबंध त्रिपाठी, उपाध्यक्ष रामनिवास यादव, महासचिव विश्वनाथ शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष सत्यदेव पाठक, पवन कैराती, अंबिका प्रसाद वर्मा, शाहिद खान, कृष्ण बिहारी यादव, इरशाद खान, बब्बू सिंह, अब्दुल मतीन खान, सलाहुद्दीन खान, आबिद अली खान, रामपाल यादव, सूरज प्रसाद पांडे, महेंद्र कुमार तिवारी, आनंद तिवारी, ओंकार नाथ यादव व जब्बार अली सहित सैकड़ों ग्राम प्रधान मौजूद थे ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ