अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर के विकासखंड गैसड़ी मुख्यालय पर भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के पदाधिकारियों व तमाम कार्यकर्ताओं ने पंचायत आयोजित कर विभिन्न स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की । प्रदेश उपाध्यक्ष वा देवीपाटन मंडल प्रभारी शशी भूषण शुक्ला क्रांति की मौजूदगी में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की । कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों से संबंधित मांग पत्र खंड विकास अधिकारी को सौंपा ।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री शुक्ला ने बताया कि समस्याएं तो पूरे प्रदेश के किसानों की है परंतु उनका किसान यूनियन ब्लाकों तथा ग्राम पंचायतों में जाकर किसानों की समस्याओं को सुनता है और उनकी समस्याएं स्थानीय स्तर पर उठाकर उनके निराकरण का प्रयास करता है ।
शुक्रवार को विकासखंड गैसड़ी परिसर में स्थानीय समस्याओं को लेकर पंचायत आयोजित की गई । पंचायत में जिला अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ रामचंद्र यादव सहित तमाम पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे । विचार विमर्श के बाद बनाया गया मांग पत्र खंड विकास अधिकारी को सौंपा गया । मांग पत्र में प्रमुख रूप से विधवा पेंशन विकलांग पेंशन वृद्धावस्था पेंशन का कैंप लगाकर समस्याओं का निस्तारण करने, राशन की उपलब्धता सुनिश्चित करके राशन की कालाबाजारी को रोकने, ग्रामसभा स्तर पर विभिन्न समस्याओं का त्वरित गति के निस्तारण करने तथा गन्ना मूल्य का शीघ्र भुगतान कराने का मांग प्रमुखता से शामिल किया गया है ।
पंचायत में बड़ी संख्या में महिला व पुरुष यूनियन के कार्यकर्ता मौजूद थे ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ