Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

कोरियाई टीम के साथ मुख्य सचिव व डीजीपी ने लिया दीपोत्सव पर्व की तैयारियों का जायजा









अमरजीत सिंह 
राम की पैड़ी पर गंदगी देखकर विफरे मुख्य सचिव
 फैजाबाद। रामनगरी अयोध्या  में दीपावली के पूर्व संध्या पर चार नवंबर से छह नवम्बर तक होने वाले तीन दिवसीय दीपोत्सव पर्व की तैयारियों का जायजा लेने कोरियाई टीम के साथ मुख्य सचिव अनूप चन्द्र पान्डेय व डीजीपी ओपी सिंह अयोध्या पहुंचे। 6 नवम्बर को दीपोत्सव के कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ, कोरियाई राष्ट्रपति की धर्मपत्नी किम जोंग सुक मौजूद रहेंगी। 





साथ ही साथ उत्तर प्रदेश व बिहार के राज्यपाल क्रमशः रामनाईक और लालजी टण्डन भी मौजूद रहेंगे। ज्ञात हो कि गुरूवार को अयोध्या पहुंचने पर मुख्य सचिव श्री पाण्डेय ने रामकथा पार्क और कोरियाई पार्क का निरीक्षण किया। इसके बाद उनका काफिला सरयू आरती घाट व रामपैड़ी पहुंचा। जहां गन्दगी की भरमार थी तथा रामपैड़ी का पानी बहुत गन्दा दिखा। जिसे देख मुख्य सचिव विफर पड़े।





 उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।  कहा दीपोत्सव से पहले-पहले सभी काम दुरूस्त हो जाने चाहिए। खासकर गन्दगी। क्योंकि इन जगहों पर मुख्यमंत्री का कार्यक्रम होना है। इसलिए यहां गन्दगी का नामो-निशान नही रहना चाहिए। इस दौरान निरीक्षण में मुख्य सचिव के साथ 35 कोरियाई दल भी रहा। जिनमें वहां के राजदूत मुख्य हैं। अन्तर्राष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्य सचिव अनूप चन्द्र पाण्डेय ने कहाकि आज की बैठक में सड़क मेन्टीनेन्स, घाटों समेत अन्य जगहों की सफाई व्यवस्था पर खास फोकस दिया गया।







इसके अलावा दीपोत्सव के दिन ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चालू रहे। इसके लिए भी हम लोग देख रहे हैं, जिससे आम लोगों को कार्यक्रम की वजह से कोई दिक्कत न होने पाए। वहीं कोरिया की फर्स्ट लेडी के अयोध्या आगमन को लेकर उनकी सेफ्टी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।



 श्री पाण्डेय ने कहाकि इस बार दीपोत्सव में खास चीजें हैं। कोरिया की फर्स्ट लेडी किम जोंग सुक 6 नवम्बर को दीपोत्सव पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। इस दिन कुल छह कार्यक्रम होने हैं, जिसमें दोपहार 12 बजे से 3 बजे तक नगरी में शोभायात्रा निकाली जायेगी। इस शोभायात्रा में रामायण से सम्बंधित अलग-अलग झांकियां रहेंगी। उसके बाद  कार्यक्रम स्थल रामकथा के बगल में 3 बजकर 15 मिनट से शाम 4 बजे तक रानी हो के नये स्मारक का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा। तत्पश्चात कोरिया राष्ट्रपति की धर्मपत्नी व अन्य कोरियाई सदस्य रानी हो के पुराने स्मारक पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।



 इसके बाद शाम 4 से 4.30 बजे भगवान राम, सीता व लक्ष्मण का पुष्पक विमान से अवतरण होगा। जहां मुख्यमंत्री, राज्यपाल व कोरिया की फर्स्ट लेडी द्वारा भगवान राम, सीता, लक्ष्मण का माल्यार्पण कर स्वागत किया जायेगा। तत्पश्चात 4.45 से 5.45 तक रामकथा में कार्यक्रम, जिनमें कोरियाई राष्ट्रपति की धर्मपत्नी किम जोंग सुक, राज्यपाल रामनाईक व बिहार के राज्यपाल लालजी टण्डन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उदबोधन होगा।



 उदबोधन के बाद सभी वी.वी.आई.पी सरयू आरती घाट पहुंचेंगे। जहां शाम 6.15 से 6.45 तक मुख्यमंत्री योगी और किम जोंग सुक द्वारा सरयू आरती की जायेगी। रात्रि 6.45 से 7.30 तक दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम रहेगा। जहां सीएम और कोरिया की फर्स्ट लेडी संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन करेंगी। श्री पाण्डेय ने कहाकि इस बार हम लोग वर्ल्ड रिकार्ड बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसके तहत तीन लाख दीपक रामपैड़ी पर देव दीपावली के दिन जलाये जायेंगे।




अपर सचिव सूचना अवनीश अवस्थी ने कहाकि दीपोत्सव के पर्व की भव्यता में उत्तरोत्तर बढ़ोत्तरी होगी। कोरिया से हमारे देश का सम्बंध और अधिक मजबूत होता जा रहा है। ऐसे में कोरिया और भारत का सम्बंध मजबूत बनाने में कहीं न कहीं अयोध्या का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार दीपोत्सव के कार्यक्रम में कई देशों की रामलीलाएं आ रही हैं। रामलीला का पूरा इतिहास हमारे देश की संस्कृति से है। इसे पूरे विश्व से जोड़ने का काम अयोध्या से हो रहा है। श्री अवस्थी ने बताया कि अयोध्या में प्रेस क्लब का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा। 




इस दौरान मुख्य रूप से सांसद लल्लू सिंह, डीजीपी ओपी सिंह, मुख्य सचिव आवास, प्रमुख सचिव सिंचाई, प्रमुख सचिव नगर विकास, विद्युत विभाग चेयरमैन आलोक कुमार, मण्डलायुक्त मनोज कुमार मिश्रा, उप पुलिस महानिरीक्षक फैजाबाद परिक्षेत्र फैजाबाद  ओंकार सिंह, डीएम अनिल कुमार पाठक, एसएसपी जोगेन्द्र् कुमार आदि अन्य कई अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

अटैचमेंट क्षेत्र

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे