करनैलगंज क्षेत्र की घटना, बदमाशों ने फायर कर फैलाई दहशत
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। शुक्रवार को इलाहाबाद बैंक के फ्रेंचाइजी संचालक से बदमाशों ने दिनदहाड़े असलहों के बल पर डेढ़ लाख रुपयों से भरा बैग और उसमें रखा लैपटॉप लूट लिया और फायर करके फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
घटना कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र की है, जहां ग्राम पतिसा निवासी विनय कुमार तिवारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दिनारी में इलाहाबाद बैंक की बीसी फ्रेंचाइजी का संचालन करते थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने घर से दिनारी के लिए जाते समय ग्राम गद्दोपुर से पैरोरी गांव के बीच एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे रोकने का प्रयास किया। न रुकने पर असलहों को दिखाते हुए बदमाशों ने फायर झोंक दिया, जिससे सहम कर बीसी संचालक ने अपनी बाइक रोकी। बाइक रुकते ही दोनों बदमाशों ने उसका बैग छीन लिया, जिसमें डेढ़ लाख रुपए नगदी व लैपटॉप रखा हुआ था। बैग छीनकर बदमाश फरार हो गए।
तत्काल बीसी संचालक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर कोतवाल वेद प्रकाश श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी जटाशंकर राव पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। दो माह के भीतर करनैलगंज सर्किल की यह दूसरी घटना है। गत 6 सितंबर को भी ग्राम पहाड़ापुर में भारतीय स्टेट बैंक के बीसी संचालक रोहित कुमार मिश्रा के साथ थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम पहाड़ापुर में बदमाशों ने करीब तीन लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया था। सीओ जटा शंकर राव ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए करनैलगंज पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी लगाई गई है। शीघ्र ही खुलासा होने की संभावना है।
दूसरी ओर कोतवाली वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है। दो संदिग्धों की तलाश करने में पुलिस जुटी हुई है। अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले का पर्दाफाश करने में पुलिस की टीम क्षेत्र में रवाना कर दी गई है।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ