अमरजीत सिंह
अयोध्या ब्यूरो। विकास खण्ड मवई के ग्राम अमौनी स्थित गोमती नदी के तट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला मेला इस बार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा।मेले को सकुशल सम्पन्न कराने के लिये इस बार अतिरिक्त पुलिस फोर्स की व्यवस्था की गयी है।
थानाध्यक्ष् मवई रिकेश कुमार सिंह ने बताया अमौनी मेले में इस बार रुदौली, पटरंगा, खंडासा,कुमारगंज,इनायतनगर थानों की पुलिस के अलावा डेढ़ सेक्शन पी ए सी के जवान तैनात होंगे।ज्ञात हो कि प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अमौनी का मेला लगता है।मेले में फैजाबाद जनपद के अलावा समीपवर्ती जनपद बाराबंकी,अमेठी,सुलतानपुर, रायबरेली से हजारों श्रद्धालु आते हैं।अमौनी में संतोष भारती की समाधि बनी हुई है।
वहां पर एक मण्डप बना हुआ है उस मण्डप में शंकर भगवान की मूर्ति भी है वहाँ पर प्रति दिन सैकड़ो लोग जाकर फेरी लगाते है तथा मन्नते मांगते है बताया जाता है कि लोगों की मन्नतें पूरी भी होती हैं।ग्राम रामपुरजनक के प्रधान राजेश कुमार यादव के प्रयास से मध्य प्रदेश के ओम प्रकाश अकेला तथा कानपुर की कल्पना द्विवेदी के बीच जवाबी कीर्तन मेले की पूर्व संध्या 22 नवम्बर की शाम को आयोजित होगा।प्रत्येक वर्ष मेले की पूर्व संध्या पर जवाबी कीर्तन का आयोजन किया जाता है।जवाबी कीर्तन को सुनने के लिये काफी भीड़ उमड़ती है।
अमौनी गांव के प्रधान प्रतिनिधि परमानन्द शुक्ला मेले की व्यवस्था चाक चौबन्द करने तथा मेला परिसर की साफ़ सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर करवा रहे हैं।अमौनी मेले को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।ग्राम प्रधान राजेश यादव ने बताया कि कई वर्षों से अमौनी जाने वाला मार्ग काफी बदहाल था जनता की परेशानियों को देखकर विधायक राम चन्द्र यादव के प्रयास से ग्राम रामपुरजनक से अमौनी तक मार्ग का डामरीकरण हो गया है इससे अबकी बार श्रद्धालुओं को मेला जाने में कठिनाई नही होगी


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ