अमरजीत सिंह
अयोध्या ब्यूरो। रामनगरी में 25 तारीख को होने वाली धर्मसभा में उमड़ने वाली भीड़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रामभक्तों के लिए एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। धर्मसभा स्थल तक कोई भी वाहन नहीं पहुंच पाएगा।
धर्मसभा स्थल में प्रवेश के लिए पांच मार्ग बनाए जा रहे हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। संत-महंतों एवं वीआईपी अतिथियों को मंच तक लाने के लिए अलग से मार्ग बनाया जा रहा है। इस संबंध मेंएसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया रामभक्तों के लिए रामसेवकपुरम, कारसेवकपुरम, महर्षि आश्रम, विवेक सृष्टि, साकेत पेट्रोल पंप, बालू घाट तिराहा, हाईवे पुल के नीचे सहित कुल 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।
हर एक पार्किंग स्थल पर लाउडस्पीकर एवं प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। धर्मसभा स्थल अभेद्य सुरक्षा घेरे में कैद होगा, भारी मात्रा में पुलिस फोर्स की तैनाती की जाएगी। एसपी सिटी ने आरएम अयोध्या अशोक कुमार, सीओ अयोध्या राजू कुमार साव के साथ मंगलवार को धर्मसभा स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
भीड़ नियंत्रण को लेकर रणनीति भी तैयार बनाई। उधर, मंगलवार को विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय, केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज, सह संगठन मंत्री अंबरीश, प्रांत मंत्री भोलेंद्र जी, सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेद गुप्ता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अभिषेक मिश्र, प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा तैयारी को लेकर डटे रहे।
पूर्व राज्यसभा सांसद विनय कटियार ने मंगलवार को धर्मसभा स्थल जाकर तैयारियों की जानकारी भी ली। कारसेवकपुरम में बंद कमरे में विहिप के पदाधिकारियों के साथ मंत्रणा भी की है। विनय कटियार ने बताया कि 23 नवंबर को वे संत-धर्माचार्यों के साथ बैठक कर धर्मसभा की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। बैठक में रामनगरी के समस्त साधु-संतों को आमंत्रित किया गया हैं।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ