शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़ ! जिले के विधानसभा क्षेत्र रानीगंज अवस्थित माँ बाराही देवी धाम महोत्सव के तैयारियों के सम्बन्ध में माँ बाराही देवी धाम पर जिलाधिकारी शम्भु कुमार की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि इस महोत्सव के संचालन एवं आयोजन के सम्बन्ध में जो समिति बनायी गयी है वे अपनी जिम्मेदारी मूल रूप से निभाये और यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे सम्बन्धित अधिकारी को अवगत कराये।
उन्होने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि माँ बाराही देवी धाम महोत्सव के प्रारम्भ होने से पहले आने जाने का रास्ता पार्किंग की व्यवस्था शौचालय की व्यवस्था पानी साफ-सफाई सुरक्षा व्यवस्था की सारी व्यवस्थायें पूर्ण कर ली जाये। उन्होने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को निर्देशित करते हुये कहा कि जो माँ बाराही देवी धाम तक आने-जाने का मेन रास्ता है उसे समय सीमा के पहले ही दुरूस्त करा लिया जाये। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता जल निगम को निर्देशित किया कि माँ बाराही देवी धाम महोत्सव स्थल पर पानी के तीन टैंकर लगवा दिये जाये और पानी के सप्लाई की व्यवस्था बराबर होती रहे।
उन्होने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुये कहा कि माँ बाराही देवी धाम महोत्सव तीन दिवसीय है और इसमें प्रत्येक दिन जहां-जहां पर भी कूड़ा-करकट इकट्ठा हो उसे तुरन्त हटवा दें और साफ-सफाई की व्यवस्था बराबर बनी रहे जिससे माँ बाराही देवी धाम महोत्सव स्वच्छ एवं सुन्दर दिखे।
जिलाधिकारी ने बैठक मेंअधिशासी अभियन्ता विद्युत को निर्देशित करते हुये कहा कि इस महोत्सव में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पूरे क्षेत्र में बराबर बनी रहे जिससे किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न होने पाये। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इस महोत्सव में तीन दिन एम्बुलेन्स की व्यवस्था बनी रहे और जो भी इमरजेन्सी सुविधायें हो वह महोत्सव में उपलब्ध रहें। उन्होने पंचायती राज विभाग के अधिकारी को कहा कि महोत्सव में स्वच्छता पर आधारित एल0ई0डी0 वैन लगवायी जाये जिससे लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक हो सके।
उन्होने बताया कि इस महोत्सव में कृषि विभाग उद्यान विभाग पशुपालन विभाग आंगनबाड़ी स्वास्थ्य विभाग पशुपालन विभाग पंचायती विभाग वन विभाग नेडा खादी एवं ग्रामोद्योग आदि विभाग केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं के विषय में प्रदर्शनी लगायेगें। जिलाधिकारी ने वहां पर तैयारियों के सम्बन्ध में विभिन्न स्थलों का निरीक्षण भी किया तथा उन्होने माँ बाराही देवी धाम के दर्शन भी किये।
इस महोत्सव का शुभारम्भ 23 नवम्बर 2018 से प्रारम्भ होगा जो 25 नवम्बर 2018 तक चलेगा। बैठक में रानीगंज विधायक धीरज ओझा अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) मनोज कुमार उपजिलाधिकारी रानीगंज राहुल कुमार यादव ब्लाक प्रमुख विनोद दूबे हरिगंगे महाट्रस्ट के अध्यक्ष यशवन्त सोनी सहित अन्य सम्भ्रान्त लोग तथा सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ