अमरजीत सिंह
अयोध्या ब्यूरो।श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर हाल ही में 12 दिनों तक आमरण अनशन करने वाले तपस्वी छावनी मन्दिर के उत्तराधिकारी महन्त परमहंसदास ने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आज आश्रम परिसर में चिता का पूजन किया। जहां वह आगामी 6 दिसम्बर को आत्मदाह करेंगे,जिसकी घोषणा उन्होंने पहले ही कर दी थी। महन्त परमहंस ने कहा कि केन्द्र में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार खुद नही चाहती कि राममन्दिर का निर्माण हो। वह सिर्फ मन्दिर के नाम पर राजनीतिक रोटी सेंक रहे हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा फिर से राम के नाम पर सत्ता में आना चाहती है। आज पार्षद से लेकर राष्ट्रपति तक सभी भाजपा के हैं। फिर राममन्दिर का निर्माण नही हो पा रहा। राममन्दिर सौ करोड़ हिन्दूओं से जुड़ी हुई आस्था का विषय है। हम सब भव्य भवन में रहें और हमारे रामलला टाट-पट्टी में यह कत्तई बर्दाश्त नही है।
उन्होंने कहाकि जब सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में मेरा आमरण-अनशन तोड़वाया था। तो उन्होंने हमसे कहा कि था कि राममन्दिर मामले पर मैं कुछ नही कर सकता। यह मेरे बस की बात नही है। इस पर सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही कुछ कर सकते हैं। योगी ने हमसे वादा किया था कि राममन्दिर मसले पर मैं आपकी बात पीएम से करवाऊंगा और जरूरत पड़ी तो राष्ट्रपति से मिलवाऊंगा। लेकिन महीने बीत गए योगी ने अपना वादा नही पूरा किया।
उन्होंने न तो मेरी मुलाकात पीएम से करवाई और न ही राष्ट्रपति से। इससे साफ पता चलता है कि मोदी नही चाहते हैं कि राममन्दिर बने। मेरे द्वारा राममन्दिर निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयास पूरी निरर्थक साबित हो रहे हैं,जिससे थक हार मुझे अब विवश होकर आत्मदाह का कदम उठाना पड़ रहा है। क्योंकि केन्द्र व प्रदेश सरकार राममन्दिर मसले पर मेरी सुन नही रही है।
आगामी 6 दिसम्बर को दोपहर 12 बजे आत्मदाह करना पड़ रहा है। आत्मदाह की घोषणा मैं महीने भर पहले ही कर चुका हूं। आज उसी कड़ी में मैंने आत्मदाह वाली जगह पर अपनी चिता का पूजन किया है। जहां 6 दिसम्बर को आत्मदाह करूंगा।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ