Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

मकानों के साथ गरीबों के अरमान भी जलकर हुए राख










अचानक लगी आग से दर्जनों घर और गृहस्थी हुई स्वाहा 
ए. आर. उस्मानी/ संजय यादव
गोण्डा। खोड़ारे थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव में मंगलवार को अज्ञात कारणों से लगी आग से लगभग एक दर्जन परिवारों की गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। ग्रामीणों के अथक प्रयास से घंटों बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक आग की विभीषिका तबाही की पटकथा लिख चुकी थी। आग की लपटों ने गरीबों की झोपड़ी के साथ ही उनके अरमानों को भी जलाकर राख कर दिया। 







खोड़ारे थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव में मंगलवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। सबसे पहले भागीरथी व प्रमोद के घर को आग ने अपनी चपेट में लिया। देखते ही देखते आग की लपटों ने नूर मोहम्मद, रहीश, अख्तर अली, बौधरी, संदीप, प्रमोद, विनोद, सफजल, मोहम्मद गनी, खेदू, अली हुसैन, जुम्मन व सद्दाम सहित एक दर्जन परिवारों की गृहस्थी का सारा सामान जलाकर खाक कर दिया।
मकान और गृहस्थी के साथ ही गरीबों के अरमान भी आग की भेंट चढ़ गए। वीरू मोबाइल खरीदने के लिए रूपये इकट्ठा कर रहा था, तो बरकत ठंड से बचने के लिए जैकेट खरीदना चाहता था। इसके लिए उसने तीन हजार रूपये बचाकर रखा था। विमला देवी अपनी आठ वर्षीय पुत्री के लिए पायल खरीदना चाहती थीं, जिसके लिए उसने पांच हजार रूपया तन पेट काटकर बचाया था।

 इन गरीबों के अरमान इस अग्निकांड में जलकर राख हो गए। ऐसा लगता है जैसे इनका सब कुछ तबाह हो गया हो। विमला कहती है कि वह अब अपनी लाडली बेटी के पैरों में पायल कैसे पहना सकेगी, जब उसके लिए बटोरकर रखे गए रूपये आग की विभीषिका ने जलाकर राख कर दिया.? गांव के अभिमन्यु पाठक ने बताया कि गांव वालों के अथक प्रयास से घंटों बाद आग पर काबू पाया जा सका। 





क्षति का आंकलन कराकर दिया जाएगा मुआवजा : एसडीएम

उपजिलाधिकारी मनकापुर जे.बी. सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर राजस्व कर्मियों को भेजा गया है। नुकसान का आकलन कर पीड़ितों को उचित सहायता मुहैया कराई जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे