भाजपा ने झंझरी के गौरवा कानूनगो से की पदयात्रा की शुरूआत
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। गांधी स्मृति 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में विधानसभा गोंडा सदर के झंझरी मण्डल की ग्राम पंचायत गौरव कानूनगो से भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पदयात्रा का शुभारम्भ किया गया। इस दौरान लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों तथा उनके द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान की भी अपील की।
झंझरी मंडल की ग्राम पंचायत गौरवा कानूनगो से शुरू हुई पदयात्रा का समापन ग्राम पंचायत नौबरा में हुआ। इसकी अगुवाई भाजपा नेता त्रिवेनी लम्बरदार व शिवपूजन द्विवेदी ने की। भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने जनता के कल्याण के लिए तमाम योजनाएं शुरू की है। जनधन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना जैसी अनगिनत कल्याणकारी योजनाएं हैं, जो गरीबों के लिए मील का पत्थर साबित हो रही हैं। पदयात्रा के दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ता केंद्र तथा प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लाभार्थियों से मिले और उनसे आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
भाजपा नेता त्रिवेनी लम्बरदार व शिवपूजन ने कहा कि गोण्डा के लोकप्रिय सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने गन्ना किसानों की समस्याओं के साथ ही जनता से जुड़ी अन्य गंभीर समस्याओं को भी सदन में उठाने का काम किया है। उनके प्रयास से ही गोण्डा लोकसभा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की हरी झंडी शासन से मिली है। वे निरंतर किसानों की समस्याओं को लेकर मुखर रहे हैं।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ