वारदात के बाद इलाके में दहशत, सीसीटीवी फुटेज के सहारे लुटेरे की तलाश में जुटी पुलिस
ए. आर. उस्मानी / संजय यादव
गोण्डा। एक प्रचलित कहावत है कि 'मान न मान, मैं तेरा मेहमान।' यह कहावत मंगलवार को जिले के मसकनवा कस्बे में न सिर्फ चरितार्थ हुई, बल्कि इसने अंजान रिश्तों को कटघरे में भी खड़ा कर दिया।
दरअसल, बैंक से रूपये निकालने जा रहे एक बुजुर्ग को फूफा बनाकर एक अंजान युवक बाइक से बैंक ले गया और रूपये निकलवाने के बाद सुनसान स्थान पर ले जाकर उनके द्वारा निकाले गये बीस हजार रूपये को लूटकर फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई लूट की इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाश की तलाश में हाथ पैर मार रही है।
छपिया थाना क्षेत्र के वीरपुर साठु निवासी रामदेव यादव पुत्र रतन यादव मसकनवा बाजार स्थित इलाहाबाद बैंक की शाखा से रूपये निकालने के लिए मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे घर से निकले। बताया जाता है कि मसकनवा पेट्रोल पम्प के पास एक युवक ने उन्हें नमस्ते किया और पूछा कि फूफा कहां जा रहे हो? इस पर बुजुर्ग रामदेव बोले कि बैंक जा रहा हूं। उस युवक ने कहा कि फूफा हम भी बैंक ही चल रहे हैं। आप साइकिल यहीं खड़ी कर दीजिए और हमारे साथ ही बैंक चलिए, हम रूपये निकलवा देंगे। इस पर रामदेव युवक के साथ इलाहाबाद बैंक की शाखा मसकनवा पहुंचे। जब वह अंजान युवक के साथ बैंक में पहुंचे, उस समय दोपहर के 12 बज रहे थे। बैंक में पहुंच कर बुजुर्ग रामदेव ने 20, 000 रूपये निकले। इसके बाद युवक बुजुर्ग को बाइक पर बैठा लिया और मनकापुर रोड की तरफ चल दिया। रास्ते में मसकनवा कस्बे के बाहर स्थित गायत्री विद्यालय के आगे सुनसान जगह देखकर उसने बाइक खड़ी कर दी और बुजुर्ग रामदेव को बाइक से धकेल दिया। वह जमीन पर गिर पड़े। इस बीच बदमाश ने बैंक से निकाला गया 20, 000 रूपया रामदेव से छीन लिया और फरार हो गया।
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक घटना से हताश पीड़ित रामदेव किसी तरह मसकनवा पुलिस चौकी पर पहुंचे और तहरीर देकर घटना के बारे में सारी बात बताई। घटना की जानकारी होते ही पुलिस हरकत में आ गई। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लुटेरा युवक पुलिस की पकड़ से बहुत दूर निकल चुका था। इसके बाद मसकनवा पुलिस बैंक के सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुट गई।
चौकी प्रभारी मसकनवा ने कहा कि पुलिस काम कर रही है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला गया है। उन्होंने बताया कि हुलिया के आधार पर बदमाश की तलाश की जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ