अखिलेश्वर तिवारी /भानू तिवारी
बलरामपुर ।। बलरामपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे देखकर आप एक बार फिर सोंचने को मजबूर होंगे कि क्या आपका बच्चा अपने स्कूल में पढ़ाई के दौरान सुरक्षित है। मामला है नगर के सबसे प्रतिष्ठित स्कूल का जहां पर चार बाहरी युवकों ने स्कूल की क्लास में घुसकर छात्र की बुरी तरह पिटाई और उसे जान से मारने की घमकी भी दी।
स्कूल में छात्र को पीटता देख अन्य छात्रों ने जोरदार विरोध किया जिसके बाद दो युवक तो भाग गये लेकिन दो को छात्रों ने दबोंच लिया तथा जमकर धुनाई की और बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया । पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है । जरूरत पड़ी तो पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाएगी ।
जानकारी के अनुसार जिले के बलरामपुर मार्डन इंटर कालेज मे सोमवार को दबंग किस्म के चार युवक स्कूल में घुस आये और 11वीं कक्षा में जाकर गौरव सिंह नाम के युवक को गालियां देकर खोजने लगे। पिछली बेच पर बैठे गौरव को युवकों ने पहचान लिया और क्लास से बाहर लाकर जमकर पिटाई शुरू कर दी। गौरव को पिटता देख साथी छात्र आक्रोशित हो गये और शोर मचाना शुरू किया जिसपर दो युवक तो स्कूल से फरार हो गये लेकिन दो को छात्रों ने दबोच लिया। स्कूल प्रबंधन ने मामले की सूचना छात्र के परिजनों व पुलिस प्रशासन को दी। स्कूल में पहुंचे परिजनों ने परिसर व क्लास रूम में जाकर जमकर हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि क्लास रूम में दबंगों ने घुसकर असलहा दिखाकर उसके बेटे की पिटाई की है और स्कूल प्रबंधन खड़ा होकर तमाशा देख रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल छात्र गौरव सिंह सहित उसके साथियों से पूछताछ की है और पकड़े गये दो युवकों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। युवकों के इस तरह से स्कूल में घुसकर वारदात को अंजाम देने के बाद जहां एक ओर स्कूल के छात्र छात्राएं सहमे हुए है वहीं प्रबंधन ने वारदात के बाद आनन फानन में स्कूल की छुट्टी कर दी। पुलिस की माने तो 10 वीं और 11वीं के छात्र के विवाद को लेकर स्कूल में इस घटना को अंजाम दिया गया है। स्कूल प्रबंधन सहित किसी भी पक्ष ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल परिसर में दिन दहाड़े हुई इस वारदात के बाद किरकिरी होने पर स्कूल प्रबंधन मामले को दबाने में जुट गया है। जो भी हो विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लग चुका है । इस घटना के बाद अभिभावक सोचने पर मजबूर होंगे कि उनका बेटा स्कूल में सुरक्षित है या नहीं ? पुलिस क्षेत्राधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्रों के बीच मारपीट की सूचना दी गई है जिसके आधार पर पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर फौरी कार्रवाई शुरू कर दी है । अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं प्राप्त हुई है । तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ