जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, घर और गांव में मचा कोहराम
धानेपुर थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव का रहने वाला था दिलीप मिश्रा
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। दुल्हन बिदा कराकर लौट रही तेज रफ्तार स्वीफ्ट डिजायर ने साइकिल सवार को जबरदस्त ठोकर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर के साथ ही पूरे गांव में कोहराम मच गया।
जिले के धानेपुर अन्तर्गत गोण्डा उतरौला रोड पर स्थित प्राथमिक विद्यालय देवरिया प्रथम के सामने एक तेज रफ्तार स्वीफ्ट डिजायर वाहन ने एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी और भाग निकला, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने खदेड़ कर कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित सोनी गुमटी रेलवे गेट पर पकड़ लिया। कार को दबोचने के बाद चालक समेत पुलिस के सुपुर्द कर दिए। गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, जहांं डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि जिले के धानेपुर थाना अन्तर्गत ग्राम पंचायत खौदी के खम्हरिया गांव निवासी दिलीप कुमार मिश्रा (35 वर्ष) पुत्र रमाकान्त मिश्रा रविवार की सुबह लगभग 10 बजे साइकिल से बग्गी रोड बाजार जा रहा था। वह प्राथमिक विद्यालय देवरिया प्रथम के पास पहुंचा था कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्वीफ्ट डिजायर (यू पी 32, एचके 7003) के चालक ने असंतुलित होकर जोरदार टक्कर मार दी। कार की ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल सवार आसमान की ओर उछल कर वाहन के ऊपर ही गिरा जिससे वाहन का अगला शीशा चूर चूर हो गया।
इस दुर्घटना के बाद वाहन लेकर भाग रहे चालक को सोनी गुमटी रेलवे क्रासिंग के पास लोगों ने पकड़ लिया और मौके पर मौजूद चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस द्वारा वाहन और चालक को कब्जे में लेकर थाना धानेपुर को सूचित किया गया। बताया जाता है कि जनपद बलरामपुर के उतरौला में स्वीफ्ट डिजायर लखनऊ से बारात लेकर आयी थी। बारात बिदा कराकर इसी वाहन से दूल्हा और दुल्हन को लेकर लखनऊ वापस जा रही थी।
गनीमत रही कि वाहन में बैठे दुल्हा दुल्हन सहित किसी को भी खरोंच तक नहीं आयी, जबकि इलाज के लिए ले जाये गये घायल की रास्ते में ही मौत हो चुकी थी। जिसे देखते ही डाक्टरो ने किया घोषित मृतक। बताते हैं कि मृतक के दो मासूम बच्चे हैं, जिनके सिर से बाप का साया छिन गया। मृतक की पत्नी और बच्चों का भी रो रोकर बुरा हाल है। घर में मातम और गांव में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने दुल्हन और दूल्हे को आजाद कर चालक को हिरासत में ले लिया है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ