मुजेहना ब्लाक की ग्राम पंचायत बनकटी सूर्यबली सिंह का मामला
ग्रामीणों के एतराज पर ठेकेदार बोला 'सब मैनेज हैं'
मसाला में मोरंग के बजाय किया जा रहा बालू का इस्तेमाल
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। जिले के मुखिया कैप्टन प्रभांंशु लाख कोशिशें कर लें, लेकिन भ्रष्टाचार पर अंकुश लगना कतई संभव नहीं है। शिक्षा और स्वास्थ्य महकमे पर जहां डीएम सर का ज्यादा फोकस है, वहीं इन्हीं विभागों में भ्रष्टाचार की गंगा भी बह रही है।
ताजा मामला मुजेहना ब्लाक की ग्राम पंचायत बनकटी सूर्यबली सिंह का है, जहां पूर्व माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय की बन रही बाउंड्री में ठेकेदार द्वारा खुलेआम पीली ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। इतना ही नहीं, जोड़ाई के लिए बनाए जा रहे मसाले में मोरंग का प्रयोग न कर सिर्फ बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है। बताते हैं कि इसकी शिकायत भी ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी के सीयूजी मोबाइल पर की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जिले के मुजेहना विकास खण्ड की ग्राम पंचायत बनकटी सूर्यबली सिंह में पूर्व माध्यमिक विद्यालय तथा प्राथमिक विद्यालय पास ही हैं। इन विद्यालयों की बाउंड्री वॉल नहीं बनाई गई थी, जिससे बच्चों को लेकर असुरक्षा की आशंका बनी रहती थी। ग्रामीणों द्वारा इन सरकारी स्कूलों की बाउंड्री बनवाने की मांग की जाती रही। छात्र व छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए दोनों विद्यालयों की बाउंड्री निर्माण की हरी झंडी देते हुए धन भी अवमुक्त कर दिया गया।
सोमवार को बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य जब शुरू हुआ तो उसमें शुद्ध रूप से पीली ईंटें लगाई जाने लगीं। इस पर ग्रामीणों ने एतराज जताया और इसकी शिकायत करने की बात कही। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत की बात पर ठेकेदार ने कहा कि 'सब मैनेज हैं। कहीं भी शिकायत करो, कुछ नहीं होने वाला है।'
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूलों की बाउंड्री निर्माण में पीली ईंट लगाने की शिकायत जिलाधिकारी के सीयूजी मोबाइल नंबर पर की गई, लेकिन शाम तक कोई मौके पर झांकने तक नहीं आया। इससे जहां भ्रष्ट ठेकेदार का मनोबल बढ़ गया, वहीं ग्रामीणों में रोष व्याप्त है, जबकि जिम्मेदार कानों में तेल डालकर कुंभकर्णी नींद सोए हुए हैं।




एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ