गलत पैमाइश कर दूसरे का कब्जा कराने को लेकर टावर पर चढ़ा किसान
हल्कान रही पुलिस, राजस्व कर्मियों को छूटता रहा पसीना
सांसद पुत्र करन भूषण सिंह के आग्रह पर टावर से नीचे उतरा किसान
ए. आर. उस्मानी / रियाजुद्दीन
गोण्डा। तहसील प्रशासन द्वारा जमीन की गलत पैमाइश कर दूसरे का कब्जा कराने के विरोध में जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के तुलसीपुर माझा का एक किसान सोमवार की सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ा गया।
करीब सात घंटे तक पुलिस व प्रशासन को छकाने के बाद ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के पुत्र करन भूषण सिंह द्वारा मौके पर पहुंचकर उसकी जमीन की पैमाइश सही करवाने के आश्वासन के बाद पीड़ित किसान टावर से नीचे उतरा।
करीब सात घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज फिल्मी स्टाइल ड्रामे से पुलिस और प्रशासन की सांसें अटकी रहीं।
पुलिस और राजस्व विभाग के सिस्टम को बेनकाब करते हुए व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला यह मामला जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के तुलसीपुर माझा गांव का है। इस ग्राम पंचायत के मजरा पूरे अर्जुन निवासी किसान मूलचंद पुत्र सालिक राम अपनी जमीन पर गलत पैमाइश का आरोप लगाकर सोमवार की सुबह करीब सात बजे गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ कर धमकी देने लगा कि अगर उसकी जमीन सही पैमाइश कराकर वापस नहीं की गई तो वह टावर से कूद कर अपनी जान दे देगा। किसान के टावर पर चढ़ने से गांव में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही नवाबगंज थानाध्यक्ष राकेश सिंह टीम के साथ पहुंचे तथा टावर पर चढ़े पीड़ित किसान को नीचे उतारने का प्रयास करने लगे, लेकिन थानाध्यक्ष की मनुहार का उस पर कोई असर नहीं हुआ। उसने कहा कि जब तक हमारी जमीन की सही पैमाइश करा कर हमें नहीं दी जायेगी, तब तक हम नीचे नहीं आयेंगे। काफी मान मनौव्वल के बाद जब किसान नीचे नहीं आया, तब थानाध्यक्ष ने इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार तरबगंज बृजमोहन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा किसान को मनाने का काफी प्रयास किया। इस घटना के बाबत तहसीलदार ने हलका लेखपाल विनीत व चकबंदी लेखपाल अमरेंद्र पांडेय से जमीन के इस मामले की पूरी जानकारी ली तथा वहीं पर तहसील से अभिलेख मंगाये। चकबंदी विभाग के लेखपाल व राजस्व निरीक्षक के आने के बाद टावर पर चढ़े किसान को नीचे उतारने का फिर प्रयास किया गया, लेकिन सफलता हाथ नहीं आयी।
बताया जाता है कि टावर पर चढ़े किसान ने शर्त रखी कि जब भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के पुत्र व नवाबगंज ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि करन भूषण सिंह मौके पर आएंगे, तब वह नीचे उतरेगा। इसकी सूचना करन भूषण सिंह को दी गई। जानकारी होने पर वे करीब दो बजे मौके पर पहुंचे और किसान से नीचे उतरने का अनुरोध किया। उन्होंने उसे आश्वासन दिया कि हरहाल में उसे न्याय दिलाया जाएगा। सांसद पुत्र के कहते ही वह टावर से नीचे आ गया। करन भूषण सिंह से उसने तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर असंतोष जाहिर किया तथा इस फसाद की जड़ तहसील प्रशासन को बताया। टावर पर चढ़े किसान के बड़े भाई दयाशंकर यादव ने आरोप लगाते हुए बताया कि दो दिन पहले ही नायब तहसीलदार ने आकर उसकी जमीन पर विपक्षीगण का कब्जा करा दिया, जबकि तीन बार पहले जो पैमाइश हुई उसमें यह जमीन उसी की निकली। किसान की व्यथा सुनकर करन भूूूषण ने मौके पर मौजूद तहसील प्रशासन से बात कर इस मामले कोहरहाल में बैठाने को कहा। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को बुलाकर जमीन की निष्पक्ष पैमाइश करायी जाये। अन्याय किसी के साथ न होने पाए।
इस मामले के सम्बंध में तहसीलदार तरबगंज बृजमोहन ने बताया कि गांव का खाता बड़ा होने के कारण आज पैमाइश नहीं हो पायी। दोनों पक्षों को बुलाकर बुधवार को पैमाइश कराई जायेगी। उन्होंने चकबंदी विभाग को बुधवार को फिर से आकर जमीन की पैमाइश करने का आदेश दिया है।
दोहराया गया 'टावर - टावर ड्रामा'
बताया जाता है कि जमीन के इसी मामले में गांव के ही युवक रज्जन ने बीते 23 नवंबर को इसी टावर पर चढ़कर नौटंकी की थी। आरोप था कि उसकी जमीन पर गांव के कुछ लोगों ने जबरन कब्जा कर लिया है। उस समय सूचना पाकर तहसील तरबगंज के उपजिलाधिकारी सौरभ भट्ट ने मौके पर पहुंच कर मामले का पटाक्षेप कराया था।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ