खरगूपुर में आयोजित किया गया ब्राह्मण महासम्मेलन
अजीज हसन सिद्दीकी
खरगूपुर, गोण्डा। अखिल भारतीय ब्राह्मण जन कल्याण समिति के तत्वावधान में ब्राह्मण महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में स्थानीय नगर सहित आसपास के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
खरगूपुर स्थित गुरूकुल विद्यापीठ इंटर कॉलेज में आयोजित अखिल भारतीय ब्राह्मण जन कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नितिन शर्मा ने महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज का मूल अंग है। जब जब राष्ट्र को जरूरत पड़ी है, तब तब ब्राह्मणों द्वारा राष्ट्र को नई दिशा एवं दशा प्रदान की गई है।
संविधान निर्माता बाबाजी भीमराव अंबेडकर हों, चाहे देश के राष्ट्रपति रह चुके एपीजे अब्दुल कलाम। ऐसी अनगिनत शख्सियतों के उच्च पद पर आसीन कराने में ब्राह्मणों का ही विशेष योगदान रहा है। उनके योगदान को कमतर नहीं आंका जा सकता है। डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को जोड़ने के लिए संस्कार, संस्कृत और समन्वय की आवश्यकता है। ब्राह्मण समाज हमेशा समाज में पूजित था और रहेगा।
केवल आत्ममंथन की आवश्यकता है। कुछ कमियों की वजह से समाज की छवि धूमिल हो रही है जिसे अखिल भारतीय ब्राह्मण जन कल्याण समिति के बैनर तले समाप्त करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इसके लिए शहर, कस्बा व गांव तक संगठन का विस्तार किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर शर्मा ने सम्मेलन में आए खासकर युवाओं को संगठन से जुड़कर समाज के हित में कार्य करने का आवाहन किया। कार्यक्रम को डॉ. दिनेश त्रिपाठी, राजकुमार तिवारी, डॉक्टर भूपेंद्र तिवारी, बाबूलाल मिश्र, हरिशंकर मिश्र, विजय तिवारी, मेवालाल के साथ ही ब्राह्मण कल्याण समिति के जिला अध्यक्ष हिमांशु शेखर तिवारी ने भी संबोधित किया। सम्मेलन का संचालन सर्वेश शुक्ल ने किया।
इस मौके पर अभय तिवारी, शिवकुमार तिवारी, मेवालाल, रामप्रसाद, नीरज तिवारी, दद्दू मिश्र, पप्पू मिश्रा सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ