25 लाख की लागत से बनेगा कंसड़ा पुल, सांसद ने किया शिलान्यास
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। सरकार द्वारा चलाये गये महत्वपूर्ण अभियान के तहत आज विकास खण्ड मुजेहना की ग्राम पंचायत दुर्जनपुर स्थित पवित्र मनवर नदी के तट पर स्थित 60 बीघा चारागाह की जमीन पर गौ आश्रय केंद्र का शिलान्यास गोण्डा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद कीर्तिवर्धन सिंह तथा विशिष्ट अतिथि विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी उर्फ मुन्ना भैया ने भूमि पूजन कर किया। वेद ग्रन्थ व मंत्रोच्चारण के साथ विधिविधान से पूजन करने के उपरांत संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में डीसी मनरेगा हरिश्चन्दर प्रजापति, सीडीओ आशोक कुमार, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राजीव कुमार सिंह बिट्टू सिंह सहित सैकड़ों की संंख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि गौ आश्रय केन्द्र बन जाने से सभी किसानों का लाभ होगा, साथ ही इनके मल मूत्र से जैविक खाद भी मिलेगी, जिससे हमारा क्षेत्र विकास के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ेगा। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मनवर नदी के खत्म हो रहे अस्तित्व को जीवन्त कराने का हमारा प्रयास है, जिसका काम चल रहा है। वहीं ग्राम सभा तेंदुवा मोहनी के कन्सड़ा गांव के निकट स्थित मनवर नदी पर पुल का भी सांसद श्री सिंह ने शिलान्यास किया। बताया गया कि क्षेत्र के लोगों को आवागमन करने के लिए लगभग 10 से 15 किमी की दूरी से आना जाना पड़ रहा था। इस पुल के बन जाने से सुगमता होगी। पुल का शिलान्यास होने से क्षेत्रीय लोगों में हर्ष दिखाई दिया।
इस अवसर पर सांसद राजा भैया ने कहा कि हमारे कार्य की प्रगति देख विपक्षी बौखला गये हैं, जिससे गठबन्धन कर रहे हैं। कभी दलित की बेटी के नाम पर मायावती ने जीत हासिल जरूर की थी, लेकिन किसी गरीब को कोई लाभ नहीं दिया। सिर्फ सोने-हीरे और रूपयों का हार पहन कर जन्मदिन मनाती हैं। उन्होंने कहा कि किसान के बेटे के नाम पर समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह जीतकर सरकार बनाए। तीन बार वे स्वयं तथा एक बार उनके पुत्र अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बने लेकिन किसी को लाभ नहीं दिए। किसानों, गरीबों को छलने का काम किए। उन्होंने कहा कि आज खाद खुलेआम सस्ते दामों पर हर जगह उपलब्ध है, जबकि पूर्व सरकार में 400 रूपया प्रति बोरी के दर से बिकती थी। आज यदि कोई दुकानदार महंगे रेट में बेचे तो फौरन बतायें, उचित कार्यवाही होगी।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश शुक्ला, प्रमोद पान्डेय, रवि प्रकाश तिवारी, ग्राम प्रधान देवी दयाल पान्डेय, प्रधान दुर्जनपुर प्रतिनिधि जगदम्बा, प्रधान परसिया पंडित राम करन प्रजापति, पूरन लाल सोनी सहित तमाम लोग मैजूद रहे। वहीं सुरक्षा के लिए थानाध्यक्ष मोतीगंज, एसआई प्रदीप गंगवार तथा पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ