अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। महिला हेल्पलाइन के सदस्यों ने घर से प्रताड़ित तथा घर से बाहर कर दी गई विकासखंड शिवपुरा थाना ललिया क्षेत्र की एक महिला को न्याय दिलाने में कामयाबी हासिल की है । महिला हेल्पलाइन के प्रयास से पीड़ित महिला को न्याय मिला और वह पुनः अपने परिवार के साथ रहने लगी है । इस कार्य में स्थानीय थाने की पुलिस तथा प्रशासन की भी भरपूर मदद मिली ।
जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुशफेकीन ने बताया कि थाना ललिया के अन्तर्गत ग्राम फटवा की निवासी श्रीमती लक्ष्मी (बदला हुआ नाम) का विवाह लगभग 06 वर्ष पूर्व श्री प्रदीप कुमार(बदला हुआ नाम) के साथ संपन्न हुआ था। श्रीमती लक्ष्मी के ससुराली जनों द्वारा उसे निरन्तर प्रताड़ित किये जाने के कारण श्रीमती लक्ष्मी अत्यधिक परेशान रहने लगी, उसके माता-पिता को भी उससे नहीं मिलने दिया जाता था ।
लक्ष्मी को घर से बाहर निकाल दिया गया तथा उसका पति उसको परेशान हाल छोड़कर विदेश चला गया । लक्ष्मी मजबूर होकर अपने मायके जाकर रहने लगी। उसको कहीं से किसी प्रकार की मदद नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में उसके एक पड़ोसी ने उसे महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित 181 महिला हेल्पलाइन के संबन्ध में जानकारी दी तथा 24 घण्टे कार्यरत टोल-फ्री नम्बर 181 पर फोन करके अपनी परेशानी बताने को कहा।
लक्ष्मी ने टोल-फ्री नम्बर 181 पर फोन करके अपनी सारी परेशानी कंट्रोलरूम में उपस्थित महिला टेली काउन्सलर को बतायी। 181 कंट्रोलरूम से लक्ष्मी की शिकायत को पंजीकृत कर शिकायत पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश बलरामपुर में तैनात 181 महिला हेल्पलाइन टीम को दिये गये। टीम में तैनात महिला सुगमकर्ता श्रीमती मंशा, ममता एवं नेहा ने तत्काल प्रकरण की गम्भीरता को संज्ञान में लेते हुए लक्ष्मी से उसके घर(मायका) जाकर प्रकरण की विस्तृत जानकारी ली तथा स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित कर प्रकरण के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लग गयी। लक्ष्मी के सास-ससुर एवं उसके पति की नियमित रूप से कई बार काउन्सिलिंग कर दोनो पक्षों के मध्य विद्यमान समस्याओं को समझकर समस्याओं का निराकरण कराकर आपसी द्वेष भावना एवं मनमुटाव को दूर कराया।
लक्ष्मी के सास-ससुर एवं उसका पति सौहार्दपूर्ण माहौल में 22 फरवरी को अपने घर ले गये तथा वे दम्पत्य अच्छा जीवन व्ययतीत कर रहे है। 181 महिला हेल्पलाइन की टीम नियमित रूप से इनका फाॅलोअप भी ले रही है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि 181 महिला हेल्पलाइन टीम 24 घण्टे कार्य कर रही है, जिसके पास जीपीएस. युक्त एक रेस्क्यू वैन भी उपलब्ध है।उन्होंने बताया कि कोई भी संकटग्रस्त महिला या उसकी ओर से कोई अन्य व्यक्ति टोल फ्री नम्बर 181 पर फोन करके सहायता प्राप्त कर सकती हैं ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ