30 जनवरी को लापता हुआ था 14 वर्षीय पंकज
पुलिस की कार्यशैली से नाराज लोगों ने लाश को रखकर किया प्रदर्शन
संजय कुमार यादव
मसकनवा, गोण्डा। घर से गायब हुए एक 14 वर्षीय बालक का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गयी। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
वहीं पुुुलिस की कार्यशैली से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। तीन घंटे तक प्रदर्शन कर मामले के खुलासे की मांग की गई। अपर पुलिस अधीक्षक हृदयेश कुमार व विधायक प्रभात वर्मा के आश्वासन पर परिजनों और ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया।
30 जनवरी की शाम पंकज कुमार जायसवाल पुत्र राम प्रसाद घर से गायब हो गया था। छपिया एसओ बृजेन्द्र पटेल ने बताया कि पिता की तहरीर पर 1 फरवरी को बच्चे के गायब होने का मामल दर्ज किया गया था। बताते हैं कि मृतक पंकज कक्षा 7 का छात्र था। शनिवार को उसका शव गांव के किनारे एक कुआं में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। उसके गले और हाथ पर घाव के निशान थे।
सीओ एसके रवि ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पायेगा। मनकापुर कोतवाल अशोक सिंह, एसओ खोड़ारे राकेश कुमार, धानेपुर एसओ अतुल चतुर्वेदी व मोतीगंज थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज भी सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर मुस्तैद रहे।
इस बीच मृतक बालक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए खुलासे की मांग पर अड़ गए। परिजनों के साथ ही गांव वाले भी इकट्ठा हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दिए। परिजन तथा गांव वालों ने शव को रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पाकर क्षेत्रीय विधायक प्रभात वर्मा तथा अपर पुलिस अधीक्षक हृदेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों तथा ग्रामीणों को शीघ्र खुलासे और दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए और पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिए।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ