Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

गोण्डा:जागते रहो सो रही है मोतीगंज पुलिस !









 ताबड़तोड़ चोरी व लूट की वारदातों से पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल
 तहरीर लेकर घटनास्थल तक जाना मुनासिब नहीं समझती खाकी
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। जागते रहो, क्योंकि पुलिस सो रही है ! ताबड़तोड़ हो रही चोरी की वारदातों ने पुलिस के इकबाल और रात्रि गश्त पर सवाल खड़ा कर दिया है। आलम यह है कि इलाकाई लोग यह मान लिए हैं कि अब पुलिस सो रही है, इसलिए जागकर खुद अपने घर और परिवार की रखवाली करनी होगी। उनकी इस बात में दम भी है। 







दरअसल, चोरी और लूट जैसी संगीन वारदातें पुलिस की इसी कार्यशैली का नतीजा हैं। हकीकत यह है कि रात्रि में गश्त करने के बजाय पुलिस सोती है और बदमाश जागकर बेखौफ होकर अपने कामों को अंजाम देते हैं। हद तो यह है कि इलाकाई पुलिस चोरी जैसी घटनाओं की एफआईआर तक नहीं दर्ज करती है।



   हम बात कर रहे हैं जिले के मोतीगंज थाने की। यहां रात्रि गश्त के नाम पर महज खानापूर्ति की जाती है। रात में पुलिसकर्मी चैन की नींद सोते हैं, जिससे ग्रामीण जागकर अपने घरों तथा परिजनों की रखवाली करने को विवश हैं।

 मोतीगंज थाना क्षेत्र के मोतीगंज कस्बे में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में 16/17 दिसंबर की रात चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। बेलगाम चोरों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर दुकान में घुस गए और गल्ले में रखे 21830 रूपये लेकर फरार हो गए। सेल्समैन ग्रिजेश प्रताप पुत्र स्वर्गीय इन्द्रशरन निवासी मोहल्ला महराजगंज सरकुलर रोड कोतवाली नगर गोण्डा ने घटना के सम्बंध में 17 दिसंबर को मोतीगंज थाने पर अज्ञात चोरों के विरूद्ध तहरीर दी, लेकिन डेढ़ माह बाद भी पुलिस मौके पर झांकने तक नहीं गयी।


    इसी तरह 22 जनवरी को सोठिया सुमेरीपुर गांव के रामनिवास तिवारी के घर चोरों ने मकान के पीछे से घर में दाखिल होकर अंदर लगे दरवाजे का ताला तोड़कर हाथ साफ किया। चोरों ने घर में रखे उसके लड़के के दहेज का सामान, जेवर व कीमती कपड़े चुरा ले गये। इस घटना की तहरीर पीड़ित द्वारा थाने पर दी गई लेकिन पुलिस ने आज तक कुछ नहीं किया।


    मोतीगंज थाने से चंद कदम दूरी पर स्थित बनकसिया गांव निवासी जगन्नाथ के घर भी 22 जनवरी को ही बेखौफ चोरों ने अनाज, कपड़ा आदि पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना में भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
    


लूट की घटना में भी पुलिस के हाथ खाली

जनवरी को बेखौफ़ बदमाशों ने मोतीगंज कस्बे में स्थित देशी शराब की दुकान पर लूट की सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया। अपाची सवार दो बदमाश 29 जनवरी की रात करीब 9 बजे दुकान पर पहुंचे और नगदी के साथ ही शराब की 9 शीशी लूट लिए। दहशत फैलाने की गरज से बदमाशों ने असलहे से फायर कर दिया।



 गोली शराब की दुकान के  सेल्समैन सुरेश जायसवाल पुत्र छोटेलाल निवासी उमरगड्डी थाना कोतवाली करनैलगंज के सिर की साइड को छूती हुई निकल गयी, जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष व डायल 100 टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। इस घटना के सम्बंध में भी पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध तहरीर ली और हाथ पर हाथ रखकर बैठ गई।



 लूट की इस दुस्साहसिक घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। दूसरी तरफ शराब की एक दुकान में चोरी और दूसरी दुकान में लूट की ताबड़तोड़ घटना से दुकानदारों तथा आसपास के लोगों में दहशत व्याप्त है। इन घटनाओं पर उच्चाधिकारी भी चुप्पी साधे हुए हैं। यही वजह है कि पीड़ितों को स्थानीय पुलिस से न्याय नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनका भरोसा पुलिस से उठता जा रहा है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे