ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। सोमवार को तीसवें यातायात सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ हुआ। डीएम कैप्टन प्रभान्शु श्रीवास्तव एवं एसपी आरपी सिंह ने आरटीओ कार्यालय पर फीता काटकर अभियान की शुरूआत की।
अभियान का शुभारम्भ करने के बाद बतौर मुख्य अतिथि डीएम कैप्टन प्रभान्शु ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हमारे लिए बिल्कुल वैसे ही अनिवार्य है जैसे कि सांस लेना। उन्होंने कहा कि बच्चों को यातायात व ड्राइविंग आदि का आफिसियल प्रशिक्षण दिया जाना आवश्यक है, जिससे वे यातायात नियमों को ठीक से जान सकें तथा उनका पालन करने के लिए जागरूक हों। उन्होंने शीट बेल्ट लगाने तथा हेल्मेट का प्रयोग हरहाल में किए जाने की अपील करते हुए कहा कि भारत में सबसे ज्यादा मौतें सड़क दुर्घटनाओं में होती हैं। इसलिए सड़क सुरक्षा के लिए हमें नियमों का पालन करना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक राकेश प्रकाश सिंह ने कहा कि जीवन अमूल्य है। उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने अवयस्क बच्चों को कतई वाहन न दें तथा यह भी सुनिश्चित करें कि बच्चे बगैर हेल्टमेट के घर से न निकलेें। उन्होंने कहा कि हम स्वयं जब यातायात नियमों का पालन करेंगे, तभी दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का सबसे बड़ा कारण ओवर स्पीड, नशे में गाड़ी चलाना, ड्राइव करते समय प्रतिस्पर्धा करना तथा सबसे मुख्य कारण हेल्मेट व सीट बेल्ट न लगाना है। इसलिए वे यातायात नियमों के पालन तथा उसके प्रचार-प्रसार की शपथ लें जिससे सड़क दुर्घटना की संख्या में कमी लाई जा सके।
इस अवसर पर लिम्का बुक आॅफ रिकार्ड्स में अपना नाम दर्ज करा चुके स्वयं मिश्रा ने विस्तार से बताया। अनाम संस्था तथा जिले के अवधी कामेडियन रमेश दूबे उर्फ रमेशवा ने भी यातायात सम्बन्धी मनमोहक प्रस्तुतियां दी। एलबीएस के एनसीसी कैडेट्स व रेंजर्स द्वारा भी कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आरबी सिंह बघेल ने किया।
इस अवसर पर आरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार श्रीवास्तव, एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम, सीओ सिटी महावीर सिंह, एलबीएस के सचिव उमेश शाह, यातायात निरीक्षक आनेन्द्र यादव, पीआरओ मुकेश कुमार सिंह, रोटरी क्लब गोण्डा ग्रीन की ओर से संजू छाबड़ा व अन्य, आरटीओ कार्यालय के अतुल मौर्य व राजेश गुप्ता, केएन पाण्डेय, मेजर जगत नरायन सिंह तथा कालेजों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यातायात सप्ताह के दौरान ये होंगे कार्यक्रम
एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम ने पूरे अभियान की रूपरेखा के बारे में बताते हुए कहा कि 4 फरवरी से 10 फरवरी तक एक सप्ताह चलने वाले अभियान के पहले दिन सीट बेल्ट व हेलमेट को लेकर प्रवर्तन कार्य, दूसरे दिन सुबह नौ बजे से नगर के बेंकटाचार क्लब से बाइकर्स एवं स्कूटी रैली, तीसरे दिन एनसीसी कैडेट्स द्वारा लोगों को फूल देकर यातायात के प्रति जागरूकता कार्यक्रम, चौथे दिन चीनी मिलों में आने वाली ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रेफलेक्टर लगाने का काम, पांचवें दिन डॅायल 100 कर्मियों की आयुक्त सभागार में सुबह 11 बजे से ट्रेनिंग, छठें दिन एलबीएस पीजी कॉलेज में सेफ लाइफ प्रोग्राम एवं प्रजेन्टेशन तथा अंंतिम दिन अनाम संस्था द्वारा नगर के प्रमुख चौराहों पर यातायात जागरूकता से सम्बंधित नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ