शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ | तहसील सदर में जिलाधिकारी शम्भु कुमार एवं पुलिस अधीक्षक एस आनन्द की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया | जिसमें जिलाधिकारी ने राजस्व आपूर्ति व नगर विकास एवं अन्य शिकायतों की सुनवाई की।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विकास सम्बन्धी शिकायतें अलग कक्ष में मुख्य विकास अधिकारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सुनी गयी जिसमें पेंशन प्रधानमंत्री आवास शौचालय निर्माण आदि से सम्बन्धित शिकायतें सुनी गयी। सदर सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 195 फरियादी अपनी समस्याओं के निस्तारण हेतु उपस्थित हुये जिनमें से 02 शिकायतें इस प्रकृति की पायी गयी जिनका मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल प्राप्त 195 शिकायतों में से 75 शिकायतें राजस्व विभाग से पुलिस विभाग से 45 विकास विभाग से 35 बेसिक शिक्षा से सम्बन्धित 02 और 38 अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायते सम्पूर्ण समाधान दिवस में आयी |सम्पूर्ण समाधान दिवस में आयी हुई शिकायती प्रार्थना पत्रो को गम्भीरता से लेते हुये जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को इस दिशा निर्देश के साथ उनको हस्तगत की गयी कि शिकायतों का निस्तारण यथाशीघ्र किया जाये इसमें किसी भी प्रकार शिथिलता व लापरवाही न बरती जाये।
अन्त में जिलाधिकारी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों का आवाहन करते हुये उन्हें निर्देश दिये कि सम्पूर्ण समाधान दिवस उत्तर प्रदेश सरकार का जनता की समस्याओं के निस्तारण के सम्बन्ध में बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। अतः इस आयोजन के दौरान तहसीलों में जो जनता की शिकायतें दर्ज हो रही है सभी अधिकारियों के द्वारा उसमें गम्भीरता दिखाते हुये तत्काल प्रभाव से गुणवत्तापरक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाये ताकि जनता को सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का भरपूर लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के अन्तर्गत जनता की जो शिकायतें दर्ज हो रही है, सभी विभागीय अधिकारियों के द्वारा मौके पर पहुॅचकर गुणवत्ता के साथ निस्तारण करते हुये उसकी सूचना तत्काल सम्बन्धित तहसील एवं शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध करायी जाये। उन्होने अधिकारियों को स्पष्ट करते हुये कहा कि शासन स्तर से इस कार्यक्रम की सीधे समीक्षा की जा रही है और निस्तारण के सम्बन्ध में शिकायतकर्ताओं से भी वार्तालाप करते हुये निस्तारण के सम्बन्ध में गुणवत्ता की जांच की जा रही है। यदि किसी शिकायत के निस्तारण में कहीं पर कमी पायी जायेगी तो सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उसके लिये सीधे जिम्मेदार होगें और उनके विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जायेगी। सभी अधिकारीगण इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को बहुत ही गम्भीरता के साथ लेकर जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का निस्तारण करेगें।
उन्होने इस अवसर पर यह भी कहा कि सरकार के महत्वपूर्ण पोर्टल आईजीआरएस के अन्तर्गत विभागीय अधिकारियों को जो निरन्तर शिकायतें प्राप्त हो रही है उनका निस्तारण भी प्रतिदिन करने की कार्रवाई अधिकारियों द्वारा की जाये ताकि कोई विभागीय अधिकारी इस कार्यक्रम के अन्तर्गत डिफाल्टर की श्रेणी में न आ सके। आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाये और शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता पूर्ण तरीके से करें।
उन्होने यह भी कहा कि जो छुट्टा जानवर चौराहों या सड़कों पर घूम रहे थे लगभग 250 से ज्यादा पशुओं को पशुपालन केन्द्र में रखा गया है और उनकी देखरेख के लिये छाया, पानी, चारा एवं सुरक्षा की व्यवस्था करायी जाये तथा जहां जहां पर गो संरक्षण केन्द्र का निर्माण हो रहा है वहां तेजी लाये जाये। उन्होने कहा कि कृषि विभाग द्वारा लघु एवं सीमान्त कृषक के परिवार को प्रतिवर्ष 6000 रू0 डी0बी0टी0 के माध्यम से प्रदान किया जायेगा।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत जिलाधिकारी ने कहा कि शौचालयों के निर्माण की फर्जी फोटो अपलोड हुई थी और शौचालय निर्माण कम पाया गया इसलिये शौचालयों के निर्माण में तेजी लायी जाये और जो भी लम्बित प्रकरण पाये जाये उन्हें जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के संज्ञान में तत्काल लाया जाये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव जिला विकास अधिकारी सुदामा प्रसाद सहायक पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा मुख्य चिकित्साधिकारी अरविन्द कुमार श्रीवास्तव उपजिलाधिकारी सदर सत्य प्रकाश सिंह प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वीआर अहिरवार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ