शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ । जिले के फतनपुर थाना के गोई गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मोपेड सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसे की खबर उसके घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। अधेड़ मोपेड बाइक से एक सगाई के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए फतनपुर जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली के अचलपुर मोहल्ला निवासी दयाराम हरिजन 51 पेंटिंग का काम करता था । शुक्रवार को वह टीवीएस मोपेड बाइक से रिश्तेदार के घर आयोजित सगाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए फतनपुर जा रहा था। पट्टी रानीगंज रोड पर स्थित गोईं गांव के पास पहुंचा ही था कि उसकी बाइक सड़क के किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई और दयाराम सड़क पर जा गिरा।प्रत्यक्षदर्शियों की मानी जाए तो इसी बीच एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। दयाराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने उसे बेलखरनाथ सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में दयाराम ने दम तोड़ दिया। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
वही जनपद के कंधई थाना क्षेत्र के बिबियाकरनपुर गांव के एक युवक की इंदौर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। बिबियाकरनपुर निवासी 28 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र छोटेलाल ट्रेलर चालक है।
गुरुवार को वह कानपुर से ट्रेलर पर माल लोड कर गुजरात प्रांत के वापी शहर जा रहा था। जैसे ही मध्य प्रदेश प्रांत के इंदौर शहर के पास पहुंचा कि सामने से आ रही दूसरी ट्रक से टक्कर हो गई। जिससे ट्रेलर का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची इंदौर पुलिस ने जेसीबी मंगाकर ट्रेलर में फंसे चालक को जबतक बाहर निकालती कि चालक सुनील की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे की सूचना परिजनों को दी। खबर मिलते ही रोते बिलखते परिजन घटला स्थल पर पहुंच गए।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ