अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। ‘‘जोड़ी जिम्मेदार, जो प्लान करें परिवार’’ की थीम के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 15 फरवरी से 1 मार्च तक चलने वाले विशेष परिवार नियोजन पखवारे की शुरूआत कर दी गई है। इस दौरान जिला अस्पताल समेत ब्लॉक स्तरीय समुदाय केंद्रों में विशेष नसबंदी शिविर का आयोजन किया जाएगा । स्वास्थ्य कर्मी गांव गांव में दंपतियों से संपर्क कर उन्हें परिवार नियोजन और उसके फायदे के बारे में बताएंगे। दंपतियों का रजिस्ट्रेशन करते हुए लाभार्थियों को परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम शिवेंद्र मणि ने शुक्रवार को बताया कि परिवार कल्याण जनजागरूकता एवं सेवा प्रदायगी अभियान के दौरान जन समुदाय के बीच परिवार कल्याण कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। परिवार नियोजन के प्रचार-प्रसार हेतु समुदाय स्तरीय अन्य गतिविधियां भी की जाएंगी। इस पखवाड़े में जनपद के बीसीपीएम, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी और एलएचबी को प्रेरित कर गांव गांव में दंपतियों से संपर्क कर परिवार नियोजन की योजना और उसके लाभ के बारे में जानकारी दी जाएगी। जनसंपर्क के दौरान दंपतियों का रजिस्ट्रेशन करते हुए लाभार्थियों को उनके अनुसार परिवार नियोजन सेवाएं, विशेषकर पुरुष नसबंदी, महिला नसबंदी एवं अन्य परिवार नियोजन विधियों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नौ सीएचसी व पीएचसी पर भी कैम्प लगाकर महिला व पुरूष नसबंदी, अंतरा इंजेक्शन सहित परिवार नियोजन के वैकल्पिक साधनों को वितरित किया जा रहा है।
प्रभारी एसीएमओ व नोडल अधिकारी डॉक्टर कमाल अशरफ ने बताया कि परिवार नियोजन के समस्त सेवाएं सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी ।साथ ही रजिस्ट्रेशन कराने वाले महिला व पुरुष को 102 और 108 एंबुलेंस घर से लाने से लेकर पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि जिन लोगों को इस पखवाड़े के अंतर्गत नसबंदी कराना है वह अपने क्षेत्र के आशा कार्यकर्ता के माध्यम से स्वास्थ्य केंद्रों पर प्री रजिस्ट्रेशन कराना होगा जिसके बाद 102 और 108 एंबुलेंस लाभार्थी के दरवाजे तक जाएगी। जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ तुलसीदास तिवारी ने बताया कि परिवार नियोजन के लिए अंतरा इंजेक्शन भी एक लाभकारी प्रक्रिया है जिसकी पूरी जानकारी टोल फ्री नंबर 1800 103 3044 पर फोन कर ली जा सकती है।
परिवार नियोजन पर मिलेगी प्रोत्साहन राशि-
- मिशन परिवार विकास के अन्र्तगत जिला चयनित होने के कारण परिवार नियोजन की विधियों में पुरुष नसबंदी पर लाभार्थी को 3000 रूपये और महिला नसबंदी पर 2000 रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह आर्थिक लाभ उनके खाते में सीधे विभाग द्वारा ट्रांसफर किया जाएगा। इसके लिए लाभार्थी को अपने आधार और पासबुक की छाया प्रति देनी होगी। इसके अलावा महिला प्रसव के पश्चात कॉपर टी लगवाने के बाद कुल 300 का लाभ दिया जाता है।
यहां आयोजित होगा परिवार कल्याण नियत सेवा दिवस
-18 फरवरी को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र गैसड़ी, 19 फरवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पचपेड़वा, 21 फरवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उतरौला व गैण्डास बुजुर्ग, 22 फरवरी को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बलरामपुर, 25 फरवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवपुरा, 26 फरवरी को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रेहरा बाजार और 28 फरवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुलसीपुर में आयोजित होगा। इसके अलावा 21 फरवरी को संयुक्त जिला चिकित्सालय में विशेष पुरूष नसबंदी शिविर का आयोजन भी किया जाएगा साथ ही जिला महिला चिकित्सालय में सभी दिन महिला नसबंदी की सुविधा उपलब्ध रहेगी।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ