ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह आज यकायक थाना समाधान दिवस की जमीनी हकीकत परखने के लिए निकल पड़े। वे सीधे खरगूपुर थाने पर पहुंचे। समाधान दिवस पर पहुंचकर फरियादियों से हक़ीक़त जानी।
उन्होंने पहुंचते ही समाधान दिवस रजिस्टर, भूमि विवाद, आर्डर बुक और प्रार्थना पत्र सहित अन्य अभिलेखों व बैरक का निरीक्षण किया।
एसपी को मुआयने में अभिलेख में त्रुटि मिली, जिस पर प्रधान लेखक भानु प्रताप यादव को खामियों में सुधार करने के सख्त निर्देश दिए। खामियों से तमतमाए एसपी वहां कुर्सी पर बैठे तक नहीं और खड़े होकर ही उन्होंने सबकी क्लास ली।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक राकेश प्रकाश सिंह अचानक थाना समाधान दिवस और पुलिस की हकीकत परखने जिले के खरगूपुर थाने पर जा धमके, जहां उन्हें खामियां ही खामियां मिलीं।
अव्यवस्थाओं पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सुधार के सख्त निर्देश दिए। एसपी ने आगंतुक कक्ष में रह रहे आरक्षियों के रख रखाव पर भी नाराजगी जताई तथा आगंतुक कक्ष का नाम मिटाने का निर्देश दिया।
उन्होंने बाल कल्याण अधिकारी मिथिलेश को भी जरूरी टिप्स दिए। निरीक्षण के दौरान आए प्रार्थना पत्रों को लेकर फरियादियों से सीधे मुखातिब हुए और उनसे बातचीत की।
इस दौरान पुलिसकर्मियों के चेहरे पर हवाइयां उड़ रही थीं।
पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव को निर्देश दिया कि समाधान दिवस पर भीड़ जमा करने के बजाय मामलों का निस्तारण किया जाए। समाधान दिवस पर आधा दर्जन मामले आए मगर एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो पाया।
दर्जनभर लेखपालों की अनुपस्थिति पर बताया गया कि वे अपने क्षेत्र में हैं।
निरीक्षण के समय सब इंस्पेक्टर प्रशांत मिश्र, धर्मराज सहित सभी पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ