अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल महेन्द्र कुमार द्वारा जनपद बलरामपुर में चुनाव तैयारियों की समीक्षा की गई, जिसमें मण्डलायुक्त ने आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन को सकुशल, शान्तपूर्ण तथा निष्पक्ष रूप से सम्पादित कराने हेतु नियुक्ति नोडल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। मण्डलायुक्त ने ईवीएम का समुचित रखरखाव, विभिन्न स्तर पर रेण्डमाईजेशन, एवीएम को समस्त रिटर्निंग अफसरों को प्राप्त कराने से संबन्धित निर्देश नोडल अधिकारी को दिया।
मण्डलायुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारी व सहायक निर्वाचन अधिकारी को तहसील स्तर पर मास्टर ट्रेनरों द्वारा ईवीएम का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया। चुनाव में मतदान, मतगणना कार्मिकों को संपूर्ण प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया। चुनावों में यातायात व्यवस्था हेतु आवश्यक निर्देश संबन्धित नोडल अधिकारी को दिया, कहा कि मतदान कार्मिकों के लिए बड़ी बस के अतिरिक्त अन्य कोई वाहन न लगाये जाए। संवेदनशील मतदान केन्द्रों का चिन्हांकन कर ऐसे मतदान केन्द्रों का 100 प्रतिशत वेवकास्टिंग करने का निर्देश दिया। संबन्धित नोडल अधिकारी द्वारा बताया गया कि 151 संबन्धित केन्द्रो पर वेवकास्टिंग की जायेगी।
मण्डलायुक्त ने मतदान केन्द्रों पर 100 प्रतिशत विद्युत व्यवस्था, शौचालय व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने का निर्देश संबन्धित अधिकारी को दिया। मण्डलायुक्त ने दिव्यांगजन अधिकारी को दिव्यांग मतदाताओं का चिन्हांकन करते हुये दिव्यांगजन को मतदान केन्द्रों पर ले जाने का निर्देश दिया। प्रेक्षक व्यवस्था हेतु संबन्धित अधिकारी को निर्देश दिया। मण्डलायुक्त ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश देते हये कहा कि इसके लिए विद्यालयों में प्रभातफेरी, मतदान जागरूकता अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाए। पिछले लोकसभी चुनावों में जनपद में वोट प्रतिशत मात्र 49 प्रतिशत था जो कि बेहद कम है इस लोक सभा चुनावों में वोट प्रतिशत का लक्ष्य 65 प्रतिशत होना चाहिए, इसके लिए मतदान जागरूकता अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाए।
चुनावों के दौरान आचार सहिंता का पालन कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। मण्डलायुक्त ने चुनावों में लगे नोडल अधिकारियों, सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियुक्त अधिकारी अपने कार्यों का निर्वहन जिम्मेदारी के साथ पूरा करें, सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। चुनाव में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जायेगी।
इस अवसर पर मण्डलायुक्त द्वारा मतदान जागरूकता एलईडी वैन को हरी झण्डी दिखा रवाना किया गया ।बैठक में अपर मण्डलायुक्त राकेश चन्द्र शर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी बलरामपुर कृष्णा करुणेश, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार शुक्ल, सीडीओ अमनदीप डुली, डीडीओ गिरीश चन्द्र पाठक, डीएसओ बृजेश मिश्र, टीओ आरबी िसंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीपांकर श्रीवास्तव, डीडी एग्रीकल्चर राम बचन राम, डीपीआरओ, दिव्यांगजन अधिकारी, अल्प बचत अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी गिरिजेश सिंह व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ