अजीज हसन सिद्दीकी
खरगूपुर, गोंडा। शादी तय होने के बाद भी लड़की के घर देर रात तक बारात नहीं पहुंची। बारात न आने से शादी की खुशियां अचानक गम में बदल गयीं।
मामला खरगूपुर थानांतर्गत एक गांव का है। यहां के एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी बलरामपुर जिले के कमदी लैबुड़वा गांव निवासी राम फेरन पाल के बेटे अमरिका पाल के साथ तय की थी। दोनों की आठ मार्च को शादी होनी थी। शादी को लेकर परिवार में खुशी का माहौल था। धीरे धीरे समय बीतता गया और इंतजार करते करते परिवार के लोगों का सब्र टूटता गया।
वर पक्ष के लोग फोन नहीं उठा रहे थे। आधी रात के बाद पता चला कि लड़के ने परिजनों को बिना बताए किसी लड़की से पहले ही शादी करने के लिए वादा कर लिया था। इस शादी की जानकारी के बाद दूसरी लड़की ने बलरामपुर पुलिस को शादी रोकने के लिए सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने लड़के और उसके पिता को हिरासत में ले लिया था।
लड़की पक्ष को मामले की जानकारी तब हुई, जब बलरामपुर की पुलिस यहां लड़की के घर पहुंची, तो पूरे मामले की जानकारी होने के बाद लड़की पक्ष वालों ने शादी करने से मना कर दिया। उसके बाद लड़का पक्ष से दहेज में दिए गए सामान वापस लेकर सुलह समझौता कर लिया गया।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ