आजम खां के बयान के बचाव में आए पूर्व मंत्री ने खोया आपा
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहने वाले सपा के पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह ने एक बार फिर से विवादित बयान दिया है। आजम खां की अमर्यादित टिप्पणी के बाद अब पूर्व मंत्री ने जयाप्रदा को नौटंकीबाज बताया है। पूर्व मंत्री पंडित सिंह ने सोमवार को पार्टी नेता आजम खां के बयान का बचाव करते हुए कहा कि जयाप्रदा महिला नहीं है बल्कि बड़ी चीज हैं।
सपा के पूर्व मंत्री रहे विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह गोंडा संसदीय सीट से सपा बसपा महागठबंधन के प्रत्याशी हैं और सोमवार को वह मिश्रौलिया में आयोजित एक जनसभा के संबोधित कर रहे थे। पंडित सिंह अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समुद्र में फेंकने जैसा बयान दे चुके हैं। अभी हाल ही में उन्होंने धानेपुर में आयोजित एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को बदमाश व गिरोह चलाने वाला बताया था।
सोमवार को आयोजित जनसभा के बाद जब पत्रकारों ने रामपुर से भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा पर उनके पार्टी के नेता आजम खां द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी पर उनकी प्रतिक्रिया चाही तो पंडित सिंह ने आजम के बयान का समर्थन करते हुए जयाप्रदा को नौटंकीबाज बता डाला।
पूर्व मंत्री यहीं नहीं रुके। उन्होंने यहां तक कह दिया कि जयाप्रदा महिला नहीं बल्कि बड़ी चीज है। आजम के बयान का बचाव करते हुए पंडित सिंह ने कहा कि उन्होंने यह टिप्पणी आरएसएस को लेकर की है।
भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह को बताया भैंस का पड़वा
सोमवार की जनसभा मे पूर्व मंत्री पंडित सिंह ने अपने प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के सांसद व प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ़ राजा भइया पर भी करारा हमला बोला। कीर्तिवर्धन सिंह पर अभद्र टिप्पणी करते हुए पूर्व मंत्री ने उनको और उनके पिता को जानवर कह दिया। पंडित सिंह ने राजा मनकापुर और भाजपा सांसद को भैंस का पड़वा कह दिया और कहा की यह लोग हर पार्टी में मुंह मारते रहते हैं। इस बार भी सपा मे लाइन लगाए खड़े थे मगर उनको नकार दिया गया।
मंत्री ने चुटकी ली की राजा अब रानी के पेट से नहीं पैदा होता। अब राजा जनता के पेट से पैदा होता है। राजघराने पर आरोप लगाते हुए पूर्व मंत्री ने कहा की वे शिव मंदिर का पैसा हड़पते हैं और गरीबों की जमीन पर कब्जा करवाते हैं।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ