भाजपा में वापसी करते ही महेश के बदले सुर
विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर तिवारी ने किया था बगावत
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। मंगलवार का दिन जिले की भारतीय जनता पार्टी तथा उसके लोकसभा प्रत्याशी के लिए सुखद रहा। लोकसभा मतदान से पहले जिले के कद्दावर ब्राह्मण नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी महेश नारायण तिवारी अपने तमाम समर्थकों तथा कार्यकताओं के साथ भाजपा में शामिल हो गये। पार्टी जिलाध्यक्ष पीयूष मिश्रा ने उनके आवास पर जाकर उन्हें पार्टी में शामिल कराया। साथ ही गोंडा के लोकसभा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया के साथ प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री और कैबिनेट मंत्री अनुपमा जायसवाल भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडे, मेहनौन विधायक विनय द्विवेदी, सूर्यकांत तिवारी, रंजन शर्मा आदि मौजूद रहे। भाजपा में फिर से वापसी करने के बाद महेश तिवारी ने कहा कि राजा भैया हम सब के मुखिया हैं। हम सबकी मेहनत से वे फिर संसद तक पहुचेंगे। भाजपा में वापसी करते ही महेश तिवारी के सुर बदल गये। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में ही सभी जाति धर्म के लोगों का मान-सम्मान और स्वाभिमान सुरक्षित है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का कोई विकल्प नहीं है।
उन्होंने दावे के साथ कहा कि मोदी जी दोबारा देश की बागडोर संभालेंगे। इसमें कोई शक नहीं है। यही राष्ट्र और जनता के हित में है, क्योंकि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही देश सुरक्षित है। महेश तिवारी ने कहा कि गोण्डा के निवर्तमान सांसद राजा भैया स्वच्छ, बेदाग और ईमानदार छवि के हैं। इसलिए राजा भैया का फिर से चुनकर संसद में जाना जरूरी है।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री अनुपमा जायसवाल ने कहा कि एक चुनावी मेले में खोने वाला हमारा भाई इस चुनावी मेले में हमारे साथ है। हम इतने मजबूत हो गए हैं कि अब हमें कोई नहीं हिला सकता। भाजपा प्रत्याशी राजा भैया ने महेश तिवारी की वापसी पर कहा कि हमारा भाई हमारे साथ आ गया है। अब भारी अंतर से हमारी जीत पक्की है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ