Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

बजरंग बली के भरोसे राजनेता, बृजभूषण, कीर्तिवर्धन और पंडित सिंह जैसे दिग्गजों ने किया नामांकन





 लाव लश्कर के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे बाहुबली बृजभूषण सिंह
कीर्तिवर्धन, पंडित सिंह और कृष्णा पटेल ने भी भरा पर्चा
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। लोकसभा के चुनावी समर में अपनी किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों ने मंगलवार को शुभ मुहूर्त देखकर नामांकन पत्र दाखिल किया। कैसरगंज के निवर्तमान सांसद बृजभूषण शरण सिंह भारी लाव लश्कर के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे, जबकि गोण्डा के निवर्तमान सांसद व बीजेपी कंडीडेट कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया, सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी पूर्व कैबिनेट मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह तथा कांग्रेस उम्मीदवार कृष्णा पटेल ने सादगी के साथ अपना नामांकन किया।
       


मंगलवार की सुबह सबसे पहले कैसरगंज से सांसद व भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बृजभूषण शरण सिंह अपने पूरे लाव लश्कर के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए गोण्डा कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कैसरगंज के रिटर्निंग आफिसर आर.आर. प्रजापति के समक्ष दो सेटों में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा के गोण्डा सांसद व प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भइया ने नामांकन तय मुहूर्त में अपना नामांकन पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर नितिन बंसल के समक्ष दाखिल किया। 


भाजपा के दोनों प्रत्याशियों के नामांकन में प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री व बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री अनुपमा जायसवाल के अलावा मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, तरबगंज विधायक प्रेम नरायण पांडेय, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, करनैलगंज विधायक कुंवर अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भइया, कटरा विधायक बावन सिंह, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, बलरामपुर विधायक पल्टू राम, जिलाध्यक्ष पीयूष मिश्रा, महेंद्र सिंह, कमलेश पांडेय समेत भाजपा के अन्य तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। 
     


पूर्व कैबिनेट मंत्री व सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह ने रिटर्निंग आफीसर डॉक्टर नितिन बंसल के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। पूर्व मंत्री के साथ नगर पालिका परिषद गोण्डा के पूर्व चेयरमैन कमरूद्दीन, पूर्व ब्लाक प्रमुख साबिर अली, सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सूरज सिंह, काजीदेवर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि शैलेंद्र कुमार सिंह उर्फ बब्बू सिंह, निजाम सिद्दीकी व अन्य समर्थक मौजूद रहे। 


कांग्रेस अपना दल व जनाधिकार पार्टी की संयुक्त प्रत्याशी कृष्णा पटेल ने भी मंगलवार को रिटर्निंग ऑफिसर डॉक्टर नितिन बंसल के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ अपना दल की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष पल्लवी पटेल समेत कांग्रेस व अपना दल के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे