पुलिस अधीक्षक ने की तैयारियों की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह द्वारा आगामी 6 मई को होने वाले मतदान को लेकर की गयी तैयारियों के सम्बन्ध में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों व चुनाव सेल के सभी अधिकारी और कर्मचारीगण के साथ बैठक की गई, जिसमें अब तक जनपदीय पुलिस द्वारा चुनाव के संबंध में की गई कृत कार्यवाही की बिंदुवार समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारियों को उनके द्वारा चुनाव को कुशल पूर्वक सम्पन्न कराने के लिए की गयी कार्यवाहियों का विवरण प्रस्तुत करने को कहा जिस पर प्रत्येक क्षेत्राधिकारी ने सर्किलवार व थाना प्रभारी ने थानावार चुनाव के सम्बन्ध में की गयी निरोधात्मक कार्यवाही, मतदान केन्द्रों का भ्रमण जिसमें विशेष कर क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर चुनाव को शांतिपूर्ण व सकुशल सम्पन्न कराने के लिए की गयी कार्यवाही तथा चुनाव कराने के लिए आने वाले बाहरी पुलिस बल व पैरामिलिट्री फ़ोर्स के व्यवस्थापन के लिए की गयी तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा प्रस्तुत किये गए विवरण के पश्चात उनमें पाई गयी खामियों को इंगित करते हुए उन्हें अतिशीघ्र दूर करने हेतु निर्देशित किया। एसपी ने क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को यह भी निर्देश दिया कि मतदान के पूर्व तक वे प्रत्येक दिन बूथों का भ्रमण जारी रखेंगे तथा कोई भी बूथ छूटने न पाए। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कड़ा निर्देश दिया कि मतदान के पूर्व तक चुनाव में व्यवधान करने वाला कोई भी असामाजिक तत्व व अपराधी कार्यवाही से बचने न पाए। क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को चुनाव के सम्बन्ध में आ रही सूचनाओं का स्वयं संज्ञान लेने के लिए भी निर्देशित किया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर महावीर सिंह, क्षेत्राधिकारी करनैलगंज जितेंद्र कुमार दुबे, क्षेत्राधिकारी तरबगंज कृष्ण चंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी मनकापुर सुरेश कुमार रवि, चुनाव सेल प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत यादव, उप निरीक्षक मुकेश पांडेय, उप निरीक्षक रामाशीष यादव व जनपद के समस्त थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी, कर्मचारी गण मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ