Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

गुण्डों की पार्टी बन गई है सपा : शिवपाल यादव






बुआ कैसे हो गईं मायावती, जब मैंने बहन बनाया ही नहीं
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि न नेताजी ने मायावती को बहन बनाया और न ही मैंने। 



ऐसे में वह बुआ कैसे हो गईं। शिवपाल आज जिला मुख्यालय पर स्थित जिगर स्कूल के मैदान में पार्टी प्रत्याशी कुतबुद्दीन खान उर्फ डायमंड के समर्थन में आयोजित एक चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे।
     


प्रसपा सुप्रीमो ने कहा कि अखिलेश ने केवल मेरा ही अपमान नहीं किया, उन्होंने नेता जी (मुलायम सिंह यादव) का भी अपमान किया है। जिसने समाजवादी पार्टी को गुण्डों की पार्टी कहा, एक रात में मुझ पर 11 मुकदमे तथा नेता जी पर 154 मुकदमे लिखवाए गए, उससे जाकर समझौता कर लिया। यहां तक कि डिम्पल मायावती के पैरों में गिर गईं जबकि मेरे पास आकर केवल यही कहते कि चलो चाचा वापस घर चलो! तो क्या बिगड़ जाता? लेकिन अपनों से ज्यादा मायावती के पैर अनमोल हैं। डिम्पल ने कुर्सी की खातिर खानदान का सम्मान मिट्टी में मिला दिया। उन्होंने कहा कि आज सपा के मुखिया 38 सीटें बसपा को देकर खुद 35 पर लड़ कर खुद को समाजवादी कह रहे हैं। 
    


प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मैंने भी बिना किसी सीट के गठबंधन में शामिल होने की बात कही, किन्तु अखिलेश ने वह भी मना कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रसपा केवल छह माह पुरानी पार्टी है। वह अपने बैनर पर प्रदेश की 65 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उम्मीद है कि हम 20 सीटों पर जीत दर्ज कराएंगे। इसके बाद हमारे पास करीब तीन साल का समय बचेगा। 



हम पूरे प्रदेश में अपना संगठन मजबूत करेंगे तथा 2022 के विधानसभा चुनाव में अपनी सरकार बनाना चाहेंगे। 
    

उन्होंने कहा कि मैंने लंबे समय तक नेता जी के साथ सपा को बढ़ाने में योगदान दिया। हम पार्टी नहीं बनाना चाहते थे। इसके लिए इंतजार भी किया और प्रयास भी। लोहिया व चौधरी चरण सिंह के विचारों और मुलायम सिंह के जो विचार थे, उस पर चलने वाले पार्टी के लोगों ने मुझे झुकने को कहा। मैंने केवल जिम्मेदारी मांगी थी। मैंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में नहीं, किसी प्रदेश की जिम्मेदारी दे दो। 


सपा अब लोहिया और चरण सिंह के विचारों के विरुद्ध काम कर रही है। अब गंदे लोग सपा में आ गए हैं। इन्हीं गलत काम करने वाले लोगों का विरोध किया तो मुझे दर किनार कर दिया गया। उन्होंने जनता से पूछा कि क्या भाजपा ने भ्रष्टाचार खत्म किया ? 15 लाख खाते में डाले, अच्छे दिन आए ? आज खाद बोरी में 50 किलो की जगह 45 किलो दी जा रही है। आज भी हमारे नौजवान सैनिक शहीद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार में रहने पर उन्होंने गोण्डा और उसके आसपास काफी विकास कराया है। बाढ़ आने पर हमेशा क्षेत्र का भ्रमण करके राहत एवं बचाव का जायजा लेते थे। 


उन्होंने कहा कि हमने गोण्डा को प्रत्याशी के रूप में डायमंड (हीरा) दिया है। आप सब इसे जिताकर हमारे हाथों को मजबूत करें।
   

इस अवसर पर प्रसपा प्रत्याशी कुतुबुद्दीन खान डायमंड, जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शुक्ल, मंडल प्रभारी फहीमुर्रहमान उर्फ मंटू काजी, जमाल चौधरी, इमरान खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे