Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

धोखाधड़ी से दूसरे उपभोक्ताओं के अकाउंट से रूपये ट्रांसफर करने वाले रैकेट का पर्दाफाश






पीड़ित की तहरीर पर सात लोगों के विरूद्ध दर्ज हुआ मुकदमा, दो गिरफ्तार
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। आनलाइन धोखाधड़ी करके खाताधारक के खाते से दूसरे खाते में रूपये स्थानांतरण करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने लैपटॉप, स्कैनर मशीन, मोबाइल आदि सामान बरामद किया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
     

मामला जिले के खरगूपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत भटपी के मजरा खटिकन पुरवा का है।यहां के निवासी चेतराम पुत्र सुकई ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया है कि रमन पाण्डेय पुत्र प्रदीप कुमार निवासी अज्ञात थाना इटियाथोक, नमस्कार मिश्रा पुत्र अनुराग उर्फ़ पाटेश्वरी व हनुमान लाल मिश्र पुत्र पाटेश्वरी निवासीगण बरगदही सदाशिव थाना इटियाथोक, अखिलेश्वर शुक्ल पुत्र राम मंजन, रवि पुत्र शिव नारायण शुक्ल, बजरंगी शुक्ल पुत्र राम चरित्र उर्फ ननकऊ निवासीगण बरगदही सदाशिव थाना इटियाथोक व जफर अब्बास पुत्र अज्ञात निवासी अज्ञात ने मिलकर भटपी गांव में प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के नाम पर फरवरी माह 2019 में एक कैम्प लगाया था।


उस समय आरोपियों ने कहा था कि आपका इस योजना से निःशुल्क कार्ड बनेगा और इससे आप पूरे भारत में पांच लाख रुपये तक किसी भी अस्पताल में बिना पैसों के दवा करा सकेंगे।विश्वास में आकर गांव के कई लोगों से आधार नम्बर पूछकर अंगूठा लगवा लिया। लगभग तीन माह बीतने के बाद प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना का कार्ड तो नहीं आया, लेकिन मेरे इलाहबाद बैंक शाखा खरगूपुर के खाते से किसी दूसरे के खाते में एक लाख उन्नीस हजार रूपये स्थानान्तरण हो गया। इसी प्रकार रेवती रमण पुत्र मिट्ठू लाल के इलाहबाद शाखा खरगूपुर के खाते से 24500/- रूपये, हरिप्रसाद पुत्र बुद्धिसागर इलाहबाद शाखा खरगूपुर के खाते से बत्तीस हजार रूपये व भारतीय स्टेट बैंक शाखा विशुनापुर के खाते से 4200 रूपये, जिलेदार पुत्र राम तीरथ शाखा इलाहबाद खरगूपुर से बीस हजार रूपये, प्रेम नाथ पुत्र भवानी प्रसाद सर्व यू पी ग्रामीण बैंक शाखा खरगूपुर से दस हजार रूपये स्थानान्तरण कर लिया गया। पीड़ित चेतराम ने बताया कि बैंक में जाँच कराने पर पता चला कि धोखाधड़ी करके रुपया किसी दूसरे खाते में स्थानांतरण कर लिया गया है। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। 
     

खरगूपुर थानाध्यक्ष सन्तोष कुमार तिवारी ने बताया कि उक्त सातों आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 419, 420, 467, 468 व 471 के तहत मुकदमा दर्ज कर रमन पाण्डेय व जफर अब्बास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे