अखिलेश्वर तिवारी/वेद मिश्र
बलरामपुर ।। आसन्न लोकसभा चुनाव का पांचवा चरण का मतदान 6 मई को संपन्न होना है । जनपद बलरामपुर का विधानसभा क्षेत्र उतरौला गोंडा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण यहां पर 6 मई को ही मतदान होगा ।
6 मई को होने वाले मतदान को सकुशल शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैयारी कर चुका है । इसी संदर्भ में शनिवार की शाम पुलिस लाइन में सेक्टर मजिस्ट्रेटों व जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ साथ पुलिस विभाग के तमाम अधिकारियों व जवानों का ब्रीफिंग कैंप आयोजित किया गया ।
पुलिस लाइन में आयोजित ब्रीफिंग कैंप में मौजूद सेक्टर जोनल मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिला अधिकारी कृष्णा करुणेश ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए निर्देश जारी किए । जिलाधिकारी ने बताया के पीठासीन अधिकारियों तथा वहां पर उपस्थित सुरक्षाकर्मियों के बीच आपसी तालमेल होना जरूरी है ।
उन्होंने सलाह दी कि तनाव मुक्त होकर चुनाव संपन्न कराएं । चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार का तनाव लेने की आवश्यकता नहीं है । अपनी ड्यूटी इमानदारी पूर्वक नियमानुसार करें जिससे किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न ना हो । प्रत्येक 2 घंटे पर पीठासीन अधिकारी मतदान के प्रतिशत की जानकारी कंट्रोल रूम उपलब्ध कराएंगे । मतदान प्रातः 7:00 बजे से प्रारंभ हो जाएगा जिसके बाद 9 बजे 11 बजे 1 बजे तथा अपराहन 5 बजे मतदान प्रतिशत की सूचना कंट्रोल रूम को समय से उपलब्ध करा दें । इसके बाद मतदान समाप्त होने पर पूरी सूचना कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं ।
उन्होंने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सभी लोग अपने मोबाइल की बैटरी पर्याप्त रखें । किसी की भी मोबाइल बैटरी डिस्चार्ज नहीं होनी चाहिए । इसके लिए वैकल्पिक ब्यवस्था रखना जरूरी है । पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पुलिसकर्मियों को सुरक्षा संबंधी सुझाव विस्तारपूर्वक दिए । उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी के दौरान सुरक्षाकर्मी अपने कार्यों को ईमानदारी पूर्वक संपादित करें । टेंशन मुक्त होकर ही ड्यूटी करने से समस्याओं का निदान हो सकता है ।
उन्होंने संबंधित थानाध्यक्ष को भी निर्देश दिया ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मियों को समय से लंच पैकेट उपलब्ध करा दिए जाएं ।उन्होंने यह भी कहा कि मतदान के समय बूथ के अंदर कोई भी व्यक्ति मोबाइल लेकर प्रबेश करने पाये । किसी प्रकार की कोई फोटोग्राफी ना होने पाए । साथ ही निर्धारित दूरी के अंदर कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति आने ना पाए । चुनाव संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अपने कंट्रोल रूम के संपर्क में रहें किसी भी गतिविधि के लिए सूचना मिलते ही तत्काल कंट्रोल रूम को जानकारी दें । पुलिस अधीक्षक ने हमारे प्रतिनिधि से वार्ता करते हुए बताया चुनाव के 48 घंटे पूर्व जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया जाएगा ।
मतदान होने वाले विधानसभा क्षेत्र से 8 किलोमीटर दूरी तक पड़ने वाली सभी शराब की दुकानों को 48 घंटे पहले बंद करा दिया जाएगा । इसके अलावा के आसपास किसी भी प्रकार चाय पान या अन्य दुकानें संचालित नहीं हो होने दी जाएगी । उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि ध्यान रखें की पोलिंग बूथ के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित ना होने पाए ।
मतदाता पर्ची जारी करने के लिए पार्टियों द्वारा कार्यकर्ताओं की व्यवस्था यदि की जाती है तो वहां पर किसी भी प्रकार का कोई बैनर पोस्टर या झंडा लगा नहीं होना चाहिए । उन्होंने चेतावनी दी कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वाले अराजक तत्वों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा । ब्रीफिंग के दौरान उप जिला अधिकारी उतरौला अरुण कुमार गौड़, पुलिस क्षेत्राधिकारी उतरौला मनोज कुमार यादव व सीओ सिटी कर्मवीर सिंह सहित तमाम पुलिस अधिकारी सेक्टर मजिस्ट्रेट वह पुलिस के जवान मौजूद थे ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ