अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 में मतदाता पर्ची न बटने की शिकायत पर जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्णा करुणेश ने कड़ा रूख अपनाते हुये संबन्धित विधानसभाओं के सहायक रिटर्निंग आफिसर को लापरवाह बीएलओ के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिये थे । जिसमें तीनों विधानसभाओं में कुल 14 बीएलओ के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है । की गई कार्रवाई में बलरामपुर में 06 बीएलओ, विधानसभा गैंसड़ी में 04 व तुलसीपुर विधानसभा में 04 बीएलओ के विरुद्ध कार्यवाही की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी, बलरामपुर संबन्धित विधानसभा के एआरओ को निर्देश दिया कि तैनात बीएलओ से शतप्रतिशत मतदाता पर्ची का वितरण सुनिश्चित करवाये। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदान के दिन सभी बीएलओ मतदान प्रारंभ होने के समय प्रातः 07 बजे से लेकर मतदान समाप्ति सायंकाल 06 बजे तक अपने मतदान केन्द्र पर वर्णमालायुक्त मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेगें व मतदाताओं को पोलिंग स्टेशन व मतदाता नामावली क्रमांक के बारे में बतायेंगें।
जिला मजिस्ट्रेट जिला निर्वाचन अधिकारी ने तैनात समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट जितनी बार मतदान केन्द्र पर जायेगें बीएलओ की उपस्थिति लेंगें। किसी प्रकार की लापरवाही पर संबन्धित बीएलओ के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही का निर्देश संबन्धित अधिकारी को दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता पर्ची केवल पोलिंग स्टेशन व नामावली क्रमांक की जानकारी के लिए है। वोट देने जाते समय मतदाता फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र या आयोग द्वारा जारी 11 पहचान पत्र में से किसी एक पहचान पत्र अपने पास अवश्य रखेंगें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने तीनो विधानसभाओं के मतदाताओं से बढ़चढ़कर मतदान करने व लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ