क्षेत्र के लोगों के लिए कई महीने से दहशत का बना था पर्याय
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। बजाज चीनी मिल कुंदरखी के पास स्थित सरयू नहर में आज एक अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। जानकारी होते ही वहां पर सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। अजगर निकलने की सूचना फॉरेस्ट गॉर्ड डीएन पाण्डेय की दी गई। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और बड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ने में कामयाब हुए।
मोतीगंज क्षेत्र में स्थित बजाज चीनी मिल कुंदरखी इकाई के सामने से सरयू नहर की शाखा गयी है, जो पूरी तरह सूखी है। उसमें एक बूंद भी पानी नहीं है। शनिवार को करीब पांच बजे लोगों ने नहर में एक अजगर को देखा तो वहां हड़कंप मच गया। मोफिया, खखरइया और अधीनपुरवा गांवों के करीब नहर में अजगर निकलने की खबर जैसे ही फैली, मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इलाके के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। इसकी सूचना क्षेत्रीय फॉरेस्ट गॉर्ड डीएन पाण्डेय को दी गई। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ने में कामयाब हुए।
श्री पाण्डेय ने बताया कि अजगर को पकड़कर टिकरी जंगल में छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह अजगर काफी दिनों से इस इलाके में दिखाई देता रहा, लेकिन पकड़ में नहीं आ रहा था। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अजगर होने की जानकारी से ग्रामीण डरे सहमे रहते थे और किसी अनहोनी की आशंका से अपने बच्चों को नहर के किनारे नहीं जाने देते थे। अजगर के पकड़ लिए जाने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ