ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। जिले के कोतवाली देहात की खोरहंसा पुलिस चौकी क्षेत्र के मुगलजोत गांव निवासी विष्णु गोस्वामी करीब सप्ताहभर अस्पताल में संघर्ष करने के बाद आखिरकार आज जिंदगी की जंग हार गया। डाक्टरों के अथक प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। रविवार को लखनऊ के सिप्ज अस्पताल में विष्णु ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से जिलेभर में शोक की लहर दौड़ गई है। एहतियात के तौर पर मुगलजोत, जमुनियाबाग समेत पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
जिले की कोतवाली देहात क्षेत्र के मुगलजोत गांव के रहने वाले विष्णु गोस्वामी अपने भाई के साथ 14 मई की देर शाम अपने पिता को लेने के लिए जमुनियाबाग गया था, जहां उसका समुदाय विशेष के कुछ युवकों से विवाद हो गया था। इस मामूली विवाद में युवकों ने दबंगई दिखाते हुए उसे पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया था। दो समुदायों के बीच का मामला होने के कारण मौके पर तनाव फैल गया था।
इस मामले में पुलिस प्रशासन के साथ साथ स्थानीय लोगों ने भी सूझबूझ कर परिचय दिया, जिससे घटना को लेकर उपजे तनाव पर काबू पा लिया गया था। गंभीर रूप से घायल विष्णु को पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जिले भर के लोग विष्णु के स्वस्थ होने की दुआ कर रहे थे। उसके इलाज के लिए सहायता देने में सभी जाति-धर्म के सैकड़ों लोग आगे आए और उसकी पत्नी के खाते में आर्थिक सहायता के रूप में धनराशि भेजी।
गोण्डा के सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने विष्णु को बेहतर इलाज के लिए शनिवार को सिप्ज अस्पताल में शिफ्ट कराया था। डाक्टर ने विष्णु को बचाने का भरसक प्रयास किए लेकिन करीब 70 प्रतिशत से भी ज्यादा जले होने के कारण विष्णु के बचाया नहीं जा सका। अंततः उसने आज अस्पताल में आखिरी सांस ली। विष्णु के मौत की खबर फैलते ही पूरे जिले में शोक की लहर छा गई है। अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार ने विष्णु गोस्वामी के मौत की पुष्टि की है।
प्रशासन सतर्क, भारी संख्या में फोर्स तैनात, गैर जिलों से भी मांगी गई फोर्स
विष्णु गोस्वामी की मौत के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। मौके पर तनाव को फैलने से रोकने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जमुनियाबाग व खोरहंसा के साथ ही पूरे इलाके में भारी संख्या में फोर्स लगा दी गई है। चुनाव के चलते जिले की पुलिस फोर्स दूसरे जनपदों में लगी है।
इस कमी को पूरा करने के लिए गैर जिलों से भी फोर्स मांगी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर जमुनियाबाग में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। उप जिलाधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ