ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। एक गरीब महिला को दबंग व्यक्ति ने न सिर्फ भद्दी भद्दी गालियां देते हुए मारापीटा गया, बल्कि आरोप है कि उसके साथ छेड़खानी भी की। पीड़िता जब थाने पर गयी तो उसकी तहरीर लेकर रख लिया गया और जांच के नाम पर उसे लगातार दस दिन तक थाने पर दौड़ाया गया। दसवें दिन उसे जो नकल थमाई गयी वह छेड़खानी के मुकदमे की नहीं, बल्कि एनसीआर की थी। महिला का आरोप है कि हल्का दरोगा आरोपी से मिला हुआ है और उसने धमकी भी दी है कि चाहे जहां जाओ, इसमें मुकदमा नहीं दर्ज होगा।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के गौरवा कानूनगो गांव की एक महिला ने थाने पर तहरीर दी है जिसमें कहा गया है कि 7 मई को रात करीब 8 बजे वह अपनी बेटी के साथ घर में खाना खा रही थी कि चतुरधन पुत्र चौधरी वर्मा वहां आया और उसे भद्दी भद्दी गालियां देने लगा। उसने जब गालियां देने से मना किया तो वह मारने पीटने लगा। पीड़ित महिला का आरोप है कि चतुरधन वर्मा ने उसका हाथ पकड़कर घसीटते हुए कहा कि पांच हजार रूपये लो और मेरे साथ मुर्गी फार्म पर चलो। इस पर महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसे मूका थप्पड़ से मारापीटा। इस बीच शोर मचाने की आवाज सुनकर दौड़े गांव वालों को आता देखकर आरोपी धमकी देते हुए भाग गया।
इस घटना की लिखित शिकायत लेकर पीड़िता थाने पर पहुंची और आरोपी के विरूद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की फरियाद की, लेकिन पुलिस नहीं पसीजी। उसे जांच कराकर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाते हुए भेज दिया गया। दूसरे दिन पीड़ित महिला फिर थाने पर पहुंची और न्याय की गुहार लगायी। लेकिन उसे फिर टरका दिया गया। इस तरह हल्का दरोगा द्वारा पीड़िता को लगातार दस दिनों तक थाने की परिक्रमा करने के लिए विवश किया गया।
थकहार चुकी महिला का सब्र छलकता देखकर पुलिस द्वारा 16 मई को उसे एनसीआर की नकल पकड़ा दी गई। पीड़िता का आरोप है कि हल्के के दरोगा की आरोपी से साठगांठ है। यही कारण है कि उसे मोतीगंज पुलिस से न्याय नहीं मिल पा रहा है। पीड़िता के मुताबिक, दरोगा ने उसे चेतावनी भी दी है कि कहीं भी जाओ, आएगा यहीं। पीड़िता ने बताया कि यदि उसे मोतीगंज पुलिस से न्याय नहीं मिला तो वह पुलिस अधीक्षक के यहां पेश होकर न्याय की फरियाद करेगी।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ