सुरेश कुमार तिवारी
मोतीगंज, गोण्डा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतीगंज पुलिस ने छापा मारकर एक महिला समेत दो शराब कारोबारियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से दस-दस लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद किया है।
बताते चलें कि मोतीगंज थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब का धंधा किया जाता है। इस कारोबार पर नकेल लगाने के लिए इलाकाई पुलिस द्वारा समय समय पर छापेमारी भी की जाती है, लेकिन आबकारी विभाग का संरक्षण होने के कारण पुलिस को अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाती है।
सूत्रों के अनुसार शनिवार को मोतीगंज थाना क्षेत्र की गढ़ी ग्राम पंचायत के अहिरन पुरवा गांव में मिली शिकायत पर आबकारी विभाग द्वारा छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान कच्ची शराब बेचने तथा बनाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया लेकिन उन्हें रास्ते में ही छोड़ दिया गया। आबकारी विभाग द्वारा शराब कारोबारियों के विरूद्ध बगैर किसी कार्रवाई के छोड़ दिए जाने पर रविवार को इसकी शिकायत मोतीगंज पुलिस से की गयी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक आर. पी. सोनकर ने तत्काल पुलिस टीम भेजकर छापेमारी करने के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सोनकर ने बताया कि सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के गढ़ी के मजरा अहिरन पुरवा के निकट एक महिला तथा एक पुरूष प्लास्टिक कैन व बोरे, थैले में शराब लेकर कहीं बेचने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाने के एसआई प्रदीप कुमार गंगवार पुलिस टीम के साथ बताए गये स्थान पर पहुंचे जहांं दोनों कारोबारी बैठे थे। ग्राम गढ़ी के मजरा अहिरन पुरवा में पहुंचकर त्रिभुवन पुत्र जिलेदार व रीना पत्नी जिलेदार को गिरफ्तार कर लिया गया। रीना और त्रिभुवन के पास से 10-10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर दोनों के खिलाफ अवैध शराब बनाने व बेचने का मुकदमा दर्ज किया गया। टीम में एसआई प्रदीप कुमार गंगवार के अलावा एसआई सुनील कुमार यादव, कांस्टेबल दुर्गेश व महिला कांस्टेबल मीना शामिल रहीं।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया किसी भी दशा में यह जानलेवा कारोबार नहीं होने दिया जायेगा। कारोबारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जायेगी।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ