अमरजीत सिंह
अयोध्या। हैरिंग्टनगंज ब्लॉक क्षेत्र की बदहाल सड़कों पर चलना राहगीरों के लिए मुश्किल कार्य हो गया है। इन मार्गों को ठीक कराने के लिए हैरिंग्टनगंज के जिपं सदस्य विनय कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया है।वहीं इस बारिश के मौसम में हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के ग्राम घुरेहटा मजरे हतवा व पूरे सीताराम दूबे तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
अयोध्या- रायबरेली मार्ग से प्रभात नगर- इसौली मार्ग पर शाहगंज पुलिस चौकी से हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के अयोध्या-सुल्तानपुर जिले के बॉर्डर तक सड़क की हालत काफी बदहाल हो गई है। इस मार्ग पर सरकार की गड्ढा मुक्त योजना भी सरकार को चिढ़ा रही है।
जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे में तब्दील यह मार्ग दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है। लोगों ने कई बार अधिकारियों के सामने यह प्रस्ताव रखा कि जिस तरीके से प्रभात नगर से शाहगंज तक प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत इस मार्ग को बनवाया गया है। ठीक उसी तरह से आगे के मार्ग की मरम्मत कराई जाए।
लेकिन अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस समस्या की ओर नहीं गया। सोमवार को हैरिंग्टनगंज जिपं सदस्य विनय कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में लिखा है कि शाहगंज से हैरिंग्टनगंज मार्ग व शाहगंज से रूरूखास मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इसकी मरम्मत कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। बदहाल मार्ग होने की वजह से आए दिन मार्ग दुर्घटना होती रहती है। वही इस बारिश के मौसम में हुए कीचड़ की वजह से ग्राम घुरेहटा मजरे हतवा तथा पूरे सीताराम दूबे में पहुंचने के लिए लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ