अखिलेश्वर तिवारी
कर्मचारी की घटना स्थल पर हुई दर्दनाक मौत जांच में जुटी पुलिस
बलरामपुर ।। बलरामपुर में वाहन अड्डा शुल्क की वसूली कर रहे एक युवक की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। जिस जगह पर घटना हुई है, उस जगह पर अवैध रूप से ठेकेदार द्वारा वाहनों से वसूली करवाई जा रही थी। पुलिस ने आनन-फानन में मुकदमा दर्ज कर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना है कोतवाली नगर क्षेत्र के उतरौला रोड भगवतीगंज की।
सदर नगर पालिका ने नगर पालिका क्षेत्र में व्यापार करने वाले वाहनों से कर वसूलने का ठेका एक ठेकेदार को दे रखा है। ठेकेदार कर्मचारियों को रखकर विभिन्न स्थानों पर आने जाने वाले वाहनों से शुल्क की वसूली करता है। सोमवार को सुबह भोर में एक ट्रक से वाहन शुल्क की वसूली कर रहे 26 वर्षीय रानू खान उस वक्त ट्रक की चपेट में आ गए।
जब ट्रक चालक ने भगवतीगंज चौराहे पर गाड़ी नहीं रोका तो मौके पर काम कर रहे ठेकेदार के कर्मियों ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया। कुछ दूर जाकर ठेकेदार कर्मी रानू खान जब ट्रक के सामने आ गए, ट्रक चालक ने कर्मचारी को ट्रक के नीचे रौंद दिया और फरार हो गया। नगर पालिका परिषद के शुल्क के नाम पर ठेकेदार द्वारा पुलिस व नगर पालिका से मिलीभगत करके कई स्थानों पर अवैध रूप से वसूली की जा रही है।
जहां घटना हुई है, उस स्थान पर भी अवैध रूप से वाहनों से वसूली की जा रही थी। जिसकी चपेट में आकर रानू खान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के वक्त मृतक के साथ तीन अन्य कर्मचारी भी अवैध रूप से वसूली में लगे थे, उन्होंने ट्रक का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन ट्रक तेज रफ्तार में फरार हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के भाई अख्तर खान की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ