उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक में हुआ समस्याओं पर मंथन
मंडलीय सम्मेलन एवं शिक्षक सम्मान समारोह की सफलता के लिए सौंपी गई जिम्मेदारी
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक सरयू प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज गोण्डा में जिलाध्यक्ष अजीत सिंह की अध्यक्षता एवं जिला मंत्री राधामोहन पाण्डेय की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 3 अगस्त को टाउनहाल में आयोजित किए जाने वाले अयोध्या एवं देवीपाटन मण्डल के संयुक्त सम्मेलन तथा शिक्षक सम्मान समारोह की तैयारी के सम्बंध में विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को मंडलीय सम्मेलन सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गयी।
बैठक में जनपद के शिक्षकों के लम्बित विभिन्न समस्याओं, जैसे बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के पारिश्रमिक के भुगतान, एनपीएस में राज्यांश का न आना, लेखा पर्ची की निर्गमन, सातवें वेतनमान का अवशेष तथा बोर्ड परीक्षा के पारिश्रमिक का भुगतान न होने पर विचार किया गया।
जिलाध्यक्ष एवं जिला मंत्री ने उक्त समस्याओं के शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया। शिक्षक संघ के नेताद्वय ने कहा कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शिक्षकों की समस्याओं के प्रति गंभीर है। जिला अध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि समस्याओं का अति शीघ्र निराकरण कराया जाएगा। जिला मंत्री राधामोहन पाण्डेय ने कहा कि शिक्षकों का मान, सम्मान और स्वाभिमान सर्वोपरि है। इससे किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारों को शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका अतिशीघ्र समाधान करना होगा। इसमें अब और लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उक्त बैठक में मजहरूल हक, अमित यादव, डॉक्टर पदमनाथ पाण्डेय, इंद्रजीत सिंह, प्रधानाचार्य श्रीमती ममता किरण राव, श्रीमती सुनीता रानी, विष्णुजीत सिंह, शादाब आलम, रविन्द्र नाथ मौर्य, राममूर्ति सिंह, सतपाल सिंह, अशोक कुमार, डॉक्टर सरिता सिंह, स्वेता, अंजू श्रीवास्तव, नरेन्द्र कुमार मिश्र आदि उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ