अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है । बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों की समीक्षा मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल महेंद्र कुमार द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में की गई ।
मंडलायुक्त ने कहा कि जिन गांवों में बाढ़ का असर है और ग्रामीण प्रभावित है वहां उनके शरण स्थल को चिन्हित कर लिया जाए और सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया जाए । अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि बाढ़ को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में नाव तैनात कर दिए जाएँ, कटान वाले स्थानों पर 24 घंटे निगरानी की जाए व कटान बिंदुओं पर कटान रोकने के उपाय किए जाएं । उन्होंने निर्देश दिया कि समस्त उपजिलाधिकारी अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहे ।
डीप वाले स्थानों पर सावधानी बरती जाए लोगों द्वारा बेवजह वहां पर ना जाया जाए । बाढ़ प्रभावित लोगो के लिए राशन व अन्य जरूरी सामग्री की व्यवस्था समय रहते कर ली जाए । पशु चिकित्सा अधिकारी बाढ़ के समय टीकाकरण व पशु चारा की व्यवस्था कर ले । अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि बाढ़ आने पर तुरंत उस क्षेत्र की विद्युत लाइन काट दी जाए ताकि खेतों में विद्युत तार आदि गिरने से जन व पशु हानि ना होने पाए ।
बैठक में डीएसओ अनुपस्थित पाए गए जिसके कारण उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया । इस अवसर पर जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, मुख्य विकास अधिकारी अमनदीप डुली, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार शुक्ला, एसडीएम सदर नरेंद्र नाथ यादव ,एसडीएम उतरौला अरुण कुमार गौड़, डीपीआरओ, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ