अखिलेश्वर तिवारी
ढोल नगाड़े के साथ पटाखे फोड़ते हुए एक दूसरे को मिठाइयां खिलाकर लोगों ने जताई खुशी
बलरामपुर ।। भारत सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 समाप्त किए जाने तथा जम्मू कश्मीर व लद्दाख को अलग अलग केंद्र शासित राज्य बनाए जाने के फैसले का सभी तरफ स्वागत किया जा रहा है । जनपद बलरामपुर के तमाम संगठनों ने जश्न मनाते हुए ढोल नगाड़े के साथ मुख्यालय के बीर विनय चौराहे पर स्थित शहीद विनय कायस्था की मूर्ति के समक्ष खुशी जाहिर की पटाखे फोड़े तथा इस फैसले का स्वागत किया ।
फैसले के बाद एहतियात के तौर पर पूरे जिले को हाई अलर्ट कर दिया गया है । पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा ने बताया की भारत नेपाल सीमा पर एसएसबी के साथ मिलकर सतर्कता बढ़ा दी गई है । हर आने जाने वालों की चेकिंग की जा रही है । सभी थानों की पुलिस को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है । किसी भी प्रकार का कोई अप्रिय घटना ना हो इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है ।
जानकारी के अनुसार राज्यसभा में आज पूर्वान्ह लगभग 11:15 बजे देश के गृहमंत्री अमित शाह द्वारा जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने तथा जम्मू कश्मीर व लद्दाख को अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेश घोषित करने संबंधी संकल्प पढ़ा गया तभी से लोगों ने खुशियां मनाने शुरू कर दी । जिला मुख्यालय के तुलसी पार्क स्थित अटल भवन भाजपा कार्यालय के बाहर तमाम भाजपाइयों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह सहित उनके तमाम सहयोगियों तथा सहयोग कर रहे विभिन्न दलों के नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया ।
सदर विधायक पलटू राम ने इस फैसले को ऐतिहासिक फैसला बताते हुए 70 वर्षों की कोढ़ को समाप्त करना बताया । हिंदू संगठन के नेता व समाजसेवी सेतुबंधु तिवारी ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अब देश के सभी प्रांतों में एक सा कानून होगा और सभी लोग एक समान पूरे देश में कहीं भी रहने तथा आने जाने के लिए स्वतंत्र होंगे । डॉक्टर तुलसीस दुबे ने फैसले का पुरजोर स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला बहुत पहले होना चाहिए परंतु अब तक की सरकारों ने इतनी हिम्मत नहीं जुटा पाई कि इस कोढ़ को समाप्त कर पाए । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो दिलेरी दिखाई है उसका जितना भी तारीफ किया जाए कम होगा । समाजसेवी व आर्य समाज के बलरामपुर के संयोजक अशोक आर्य ने ऋषि मनीषियों की धरती भारतवर्ष को अखंड भारत बनाने की ओर इसे एक अहम फैसला बताया ।
उन्होंने अपने गीत के माध्यम से इस फैसले का स्वागत किया । बड़ी संख्या में वीर विनय चौराहा पर इकट्ठे होकर लोगों ने बीर विनय कायस्था के मूर्ति के समक्ष एक दूसरे को मिठाई खिलाई, पटाखे फोड़े तथा ढोल नगाड़े के साथ खुशी का इजहार किया ।सभी ने यह माना कि इस फैसले से जम्मू कश्मीर के लोगों का अब सार्वभौमिक विकास होगा । अवसरवादी राजनीति करने वाले लोगों का अब सूपड़ा साफ हो जाएगा । इस फैसले के बाद जम्मू कश्मीर से अलगाववादियों का खात्मा करने तथा आतंकवाद का समूल विनाश करने में भारतीय सेना सफल होगी ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ