अमरजीत सिंह
अयोध्या। कुमारगंज थाना क्षेत्र के सराय हेमराज गांव के पास फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से बाइक सवार लुटेरों ने तमंचे के बल पर 96 हजार लूट लिए और बदमाश तमंचे के बट से कलेक्शन एजेंट के सिर पर वार कर मौके से फरार हो गए।
फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट रवी (35) अमरगंज बाजार की ओर से वसूली करते हुए सुल्तानपुर फैजाबाद यूनिट ब्रांच नहर की पक्की पटरी से होकर कुमारगंज की ओर जा रहा था। बाइक से सराय हेमराज गांव के पास पहुंचा ही था कि पीछे से बजाज सिटी हंड्रेड सवार दो युवकों ने ओवरटेक कर एजेंट को रोक लिया तथा रुपयों से भरा उसका बैग छीनने लगे। एजेंट ने बैग न देकर गुहार लगाना चाहा। इतने में बाइक सवार युवक ने तमंचे के बट से एजेंट के सिर पर तगड़ा वार कर दिया। सिर पर चोट लगने के कारण कलेक्शन एजेंट घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। इतने में लूटेरे युवक एजेंट का रुपयों से भरा बैग छीनकर पीछे के ही ओर भाग निकले।
चीख-पुकार सुनकर बड़ी नहर पर मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल कलेक्शन एजेंट को इलाज के लिए प्राइवेट चिकित्सक के यहां पहुंचाया।
जानकारी पाकर फाइनेंस कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और कुमारगंज पुलिस को सूचना दी। कुमारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की गहन छानबीन तथा लुटेरों की सुराग रस्सी में जुट गई है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ