Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

आगामी त्योहारों को शांतिपर्वूक संपन्न कराने हेतु सेन्ट्रल पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न


अखिलेश्वर तिवारी
पुलिस अधीक्षक व अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई बैठक
बलरामपुर ।। आगामी 12 अगस्त को ईदुलजुहा का त्योहार मनाया जाना है । 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस व रक्षाबन्धन का त्योहार मनाया जाना है। श्रावण मास चल रहा है। जिसमें सोमवार का दिन महत्वपूर्ण है। इन समस्त त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने हेतु तथा कानून  व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने हेतु जिले के एसपी तथा एडीएम की मौजूदगी में सेन्ट्रल पीस कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। 

                         जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार शुक्ल ने कहा कि श्रावण मास के आखिरी सोमवार, बकरीद, स्वतंत्रता दिवस तथा रक्षा बंधन त्योहारों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने हेतु मजिस्ट्रेट तैनात किये गये है जो कि  अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाये रखना सुनिश्चित करेंगें। सभी अधिशासी अधिकारी अपने-अपने नगर पालिका नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल एवं सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करेंगें तथा धार्मिक स्थलों पर चूना के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगें। परम्परागत तरीके से मस्जिदों ईदगाहों के व्यवस्थापकों से संपर्क कर उनकी अनुमति से वहां साफ-सफाई सुनिश्चित करेंगें।

 ईदउल बकरीद के दिन कुर्बानी दिये जाने वाले पशुओं के अवशेषों को परम्परागत तरीके से यथोचित निस्तारण की व्यवस्था अधिशासी अधिकारी, उप जिलाधिकारी, तैनात मजिस्ट्रेट सुनिश्चित करेंगें। नियुक्त सभी मजिस्ट्रेट अपने-अपने थाना क्षेत्रों में उपस्थित होकर प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्ष के साथ भ्रमण कर लें तथा जो समस्या प्रकाश में आये उसका उप जिला मजिस्ट्रेट से विचार विमर्श कर समाधान कराये। अपर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को 10-10 सफाईकर्मी की ड्यूटी प्रत्येक थानों पर लगाने, समस्त अधिशासी अधिकारियों को 05-05 सफाईकर्मी प्रत्येक थानों पर लगाने, एक्सईएन विद्युत को 02-02 विद्युतकर्मी थानों पर लगाने, मुख्य चिकित्साधिकारी को एम्बुलेन्स व चिकित्सक टीम थानों पर लगाने का निर्देश दिया।  
                  
बैठक में पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने कहा कि  त्योहारों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने हेतु जनपद में थानावार 13 मिनी कट्रोलरूम की स्थापना की गई है। प्रत्येक थानों पर 15-15 सफाईकर्मी, 02-02 विद्युतकर्मी, चिकित्सक की टीम, एम्बुलेन्स की तैनाती की जायेगी। ईदुलजुहा के दिन ये कर्मचारी प्रातः 6 बजे से 4 बजे तक ड्यूटी पर रहेंगें। पुलिस अधीक्षक ने समस्त थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि नमाज के वक्त रूट डायवर्जन करा दिया जाए । सूकर पालको से संपर्क कर उन्हे निर्देशित कर दिया जाए कि बकरीद के नमाज के दिन अपने सूअरों को बाड़े के अन्दर रखेगें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ईदुलजुहा व श्रावण मास के आखिरी सोमवार के दिन समस्त मुख्य मन्दिरों व मस्जिदों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात की जायेगी। पुलिस अधीक्षक ने समस्त थानाध्यक्षों को त्योहारों पर गड़बडी या साम्प्रदायिक माहौल विगाड़ने वाले तत्वों तथा व्यक्तियों पर नजर रखने व नोटिस दिये जाने का निर्देश दिया।

 पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लाॅ एण्ड आर्डर पर जीरों टाॅलरेन्स की नीति अपनायी जायेगी । त्योहारों के दिन साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाले व्यक्तियों पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। ऐसे तत्वों  व व्यक्तियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जायेगा।  पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बलरामपुर जनपद का इतिहास त्योहारों के दौरान सदैव शांतिपूर्वक रहा है।  उन्होंने जनपद वासियों को त्योहारों की बधाई देते हुए लोगो से मिल-जुल कर त्योहार मनाने  की अपील की। बैठक में तहसीलों से आये गणमान्य व्यक्तियों के सुझाव व समस्या पुलिस अधीक्षक व अपर जिलाधिकारी द्वारा सुनी गई व उसका निस्तारण किये जाने का निर्देश संबन्धित अधिकारियों को दिया गया। सेन्ट्रल पीस कमेटी की बैठक में एसपी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द मिश्र, सीएमओ डा0 घनश्याम सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि शाबान अली, समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट, समस्त क्षेत्राधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, एक्सईएन विद्युत, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी तथा विभिन्न थानों से आये थानाध्यक्ष व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे