अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर के तहसील तुलसीपुर सभागार में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस जिला अधिकारी कृष्णा करुणेश की अध्यक्षता में आयोजित किया गया । जिले के तीनों तहसीलों में कुल 194 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें से मौके पर 18 का निस्तारण किया गया।
जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश की अध्यक्षता में तहसील तुलसीपुर में संपन्न की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने कर्तव्यों एवं कार्यों का निर्वहन निष्ठा एवं ईमानदारी पूर्वक करें, कार्यालय समय से पहुॅचे, कार्यालय आने वाले फरियादियों की शिकायते सुने व उनका ससमय निस्तारण करें।
सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों को बिना भेदभाव किये देने की बात कही। संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने आने वाले फरियादियों की शिकायते सुनी व उसका निस्तारण किये जाने का निर्देश संबन्धित अधिकारियों को दिया। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 56 प्रार्थना पत्र आये जिनमे से मौके पर 06 का निस्तारण किया गया व अन्य शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण संबन्धित अधिकारी को जल्द से जल्द किये जाने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग से संबन्धित विवादित मामलों जैसे- भूमि, खड़जे, चकरोट, आदि के मामले आने पर तहसीलदार को निर्देश दिया कि राजस्व व पुलिस की टीम बनाकर मौके पर जाकर भूमि से संबन्धित मामलों का निस्तारण कराया जाए जिससे कि लोगों को यहां तक आने की आवश्यकता न पड़े।
जिलाधिकारी ने एसडीएम को सरकारी भूमि व सम्पत्ति पर अवैध कब्जे को अभियान चलाकर निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने एक्सईएन सिचाई को भगवानपुर चित्तौड़गढ़ बन्धे से नहरों में पानी छोड़ने का निर्देश दिया जिससे कि किसानों की फसल सूखने न पाये। संपूर्ण समाधान दिवस में अधिवक्ताओं के मांग पर तुलसीपुर में आधार कार्ड बनाये जाने हेतु स्थायी व्यवस्था कराये जाने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने नवोदय विद्यालय की भांति अटल आवासीय विद्यालय के स्थापना हेतु 12 से 15 एकड़ निःशुल्क भूमि चिन्हित किये जाने का निर्देश उप जिलाधिकारी को दिया। संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने राजस्व कर्मियों व थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि थाना दिवस के अवसर पर पुलिस की टीम व राजस्व टीम द्वारा भूमि विवाद की शिकायतों को सुना जायेगा व थाने में निस्तारण किया जायेगा। जो मामले का निस्तारण थानों में नहीं हो पाता है उनकी जांच पुलिस की टीम व राजस्व की टीम द्वारा मौके पर जाकर की जायेगी व संबन्धित आख्या उच्च अधिकारियों को दी जायेगी। थानों में निस्तारण भूमि विवाद आदि के निस्तारण की रिकार्डिंग की जायेगी। पुलिस अधीक्षक ने भूमि विवाद के छोटे से छोटे मामले में भी तत्काल कार्यवाही का निर्देश दिया। कहा कि छोटी शिकायतों को नजरंदाज करने से गम्भीर परिणाम देखने को मिलता है। इसलिये किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिला उद्यान अधिकारी, महाप्रबन्धक जिला उद्योग, जिला विद्यालय निरीक्षक, परियोजना अधिकारी डूडा, अधिशासी अभियन्ता विद्युत के अनुपस्थित रहने पर इन सभी अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने व स्पष्टीकरण का निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। संपूर्ण समाधान दिवस के पश्चात् जिला विकास अधिकारी गिरीश चन्द्र पाठक द्वारा ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई तथा इन योजनाओं को लाभ पात्र व्यक्तियों को दिये जाने की बात कही गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा, एसडीएम विनोद कुमार सिंह, सीओ शिव प्रसाद, तहसीलदार आलमगीर, नायब तहसीलदार कृष्ण गोपाल त्रिपाठी व तहसील स्तर के अन्य अधिकारीगण व कर्मचारीगण मौजूद रहे।
तहसील उतरौला संपूर्ण समाधान दिवस एडीएम अरुण कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न किया गया। एडीएम ने तहसील के संबन्धित समस्त अधिकारियों को फरियादियों की शिकायते सुनने व उनका निस्तारण ससमय करने का निर्देश दिया। तहसील उतरौला में कुल 86 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से 08 का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर एसडीएम उतरौला अरुण कुमार गौड़, सीओ, तहसीलदार व अन्य तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस बलरामपुर सदर तहसील सभागार में सीडीओं अमनदीप डुली की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों द्वारा कुल 52 प्रार्थना पत्र दिये गये जिसमें मौके पर 04 का निस्तारण कर दिया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ, तहसीलदार बलरामपुर रोहित कुमार मौर्य व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ